फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

नाम के फेर में फंसी पुलिस: आरोपी के बजाय निर्दोष युवक के घर दी दबिश, मारपीट और नकदी-जेवर ले जाने का आरोप

Wed, 26 Aug 2026 02:29 PM IST
Mukesh Kumar संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत

सार

पीलीभीत जिले में पुलिस का अजब कारनामा सामने आया है। गजरौला थाना क्षेत्र के नौगवां गांव में दबिश देने गई पुलिस आरोपी के बजाय निर्दोष युवक के घर में घुस गई। पीड़ित ने पुलिस पर मारपीट, तोड़फोड़ करने और नकदी-जेवर ले जाने का आरोप लगाया है। 
विज्ञापन
सांकेतिक तस्वीर - फोटो : अमर उजाला
विज्ञापन

विस्तार
वॉट्सऐप चैनल फॉलो करें

पीलीभीत के गजरौला थाना क्षेत्र के कल्यानपुर नौगवां गांव में मंगलवार रात पुलिस टीम ने एक घर में दबिश देने पर विवाद खड़ा हो गया। गांव निवासी दो भाइयों ने रिछोला चौकी इंचार्ज समेत पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर तोड़फोड़ और मारपीट करने के साथ ही नकदी व जेवरात ले जाने का आरोप लगाया है। दोनों भाइयों ने थाना पुलिस को प्रार्थना पत्र देकर कार्रवाई की मांग की है। वहीं पुलिस ने आरोपों को गलत बताते हुए कहा है कि दिल्ली पुलिस की टीम एक युवक की तलाश में गांव आई थी। पहचान में हुई गलती के कारण टीम दूसरे पवन कुमार के घर पहुंच गई थी।

विज्ञापन




कल्यानपुर नौगवां निवासी वीरेंद्र कुमार और पवन कुमार पुत्रगण बेनीराम ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 25 अगस्त की रात करीब 12 बजे रिछोला चौकी इंचार्ज संदीप सिंह कुछ पुलिसकर्मियों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मी पड़ोसी के मकान की छत से होकर उनके घर की छत पर पहुंचे और सीढ़ियों का दरवाजा तोड़कर घर में दाखिल हो गए।
विज्ञापन


यह भी पढ़ें- बदायूं बवाल प्रकरण: पथराव करने वालों पर बड़ी कार्रवाई, दो मामले दर्ज, 32 आरोपी नामजद, आठ गिरफ्तार

पीड़ित भाइयों का आरोप है कि पुलिस टीम ने घर के कई कमरों और दरवाजों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद अलमारी का दरवाजा तोड़कर उसमें रखे गल्ला बिक्री के 31 हजार रुपये निकाल लिए। इसके अलावा शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवरात भी ले जाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर में सोने की बेसर, मंगलसूत्र, पेंडल, कान के झाले और चांदी की पायल, हाथ के तोड़े व कमर का बिछुआ आदि जेवरात का उल्लेख किया गया है।

विज्ञापन

पुलिस पर मारपीट और धमकी देने का भी आरोप
प्रार्थना पत्र में पुलिसकर्मियों पर परिवार के सदस्यों से मारपीट करने का भी आरोप लगाया गया है। पवन कुमार के पेट में लात मारने की बात कही गई है। आरोप है कि पुलिसकर्मियों ने परिवार के लोगों को धमकाया भी। भाइयों ने पूरे मामले की जांच कर कार्रवाई की मांग की है।

दिल्ली पुलिस के साथ गई थी टीम : थाना प्रभारी
गजरौला थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम एक पवन कुमार नाम के व्यक्ति की तलाश में पीलीभीत आई थी। दिल्ली पुलिस के साथ रिछोला चौकी इंचार्ज संदीप सिंह भी कल्यानपुर नौगवां गए थे। थाना प्रभारी के मुताबिक पहचान में हुई गलती के कारण टीम दूसरे पवन कुमार के घर पहुंच गई थी। मामले की जांच की जा रही है।

मारपीट और सामान ले जाने के आरोप गलत : चौकी इंचार्ज
रिछोला चौकी इंचार्ज संदीप सिंह ने बताया कि वह दिल्ली पुलिस के साथ पवन कुमार की तलाश में गांव गए थे। दिल्ली पुलिस की टीम पहचान में हुई गलती के कारण दूसरे पवन कुमार के घर में पहुंच गई। उन्होंने घर में मारपीट, तोड़फोड़ करने और नकदी व जेवरात ले जाने के आरोपों को गलत बताया है। वहीं एसपी सुकीर्ति माधव ने पूरे मामले में जांच के निर्देश दिए हैं।
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें