फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: चौकी इंचार्ज समेत पुलिस कर्मियों पर घर में आधी रात घुसकर तोड़फोड़-मारपीट का आरोप

विज्ञापन
विज्ञापन
गजरौला। थाना क्षेत्र के कल्यानपुर नौगवां गांव में मंगलवार देर रात पुलिस टीम के एक घर में पहुंचने के बाद विवाद खड़ा हो गया। गांव निवासी दो भाइयों ने रिछोला चौकी इंचार्ज समेत पुलिसकर्मियों पर घर में घुसकर तोड़फोड़, मारपीट करने और नकदी व जेवरात ले जाने का आरोप लगाते हुए थाना पुलिस को तहरीर दी है। वहीं, पुलिस का कहना है कि टीम दिल्ली पुलिस के साथ एक युवक की तलाश में गांव पहुंची थी। पहचान में हुई गलती के कारण दूसरे पवन कुमार के घर में प्रवेश कर गई। पुलिस ने आरोपों से इन्कार किया है।
विज्ञापन

कल्यानपुर नौगवां निवासी वीरेंद्र कुमार और पवन कुमार ने पुलिस को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि 25 अगस्त की रात करीब 12 बजे रिछोला चौकी इंचार्ज संदीप सिंह कुछ लोगों के साथ उनके घर पहुंचे। आरोप है कि पुलिसकर्मी पड़ोसी की छत के जीने के रास्ते छत पर चढ़े और घर का दरवाजा तोड़कर अंदर दाखिल हुए। पीड़ित भाइयों का आरोप है कि पुलिस टीम ने घर के कई कमरों और जीने के दरवाजों को क्षतिग्रस्त कर दिया। इसके बाद अलमारी का दरवाजा तोड़कर उसमें रखे गल्ला बिक्री के 31 हजार रुपये और शादी के लिए रखे सोने-चांदी के जेवरात ले जाने का आरोप लगाया गया है। तहरीर में सोने की बेसर, मंगलसूत्र, पेंडल, कान के झाले व चांदी की पायल, हाथ के तोड़े और कमर का बिछुआ आदि का उल्लेख किया गया है। प्रार्थना पत्र में पुलिस टीम पर मारपीट करने का आरोप भी लगाया गया है। पवन कुमार के पेट में लात मारने की बात कही गई है। साथ ही परिवार को धमकी देने का भी आरोप लगाया गया है।
गजरौला थाना प्रभारी ने बताया कि दिल्ली पुलिस की टीम एक पवन कुमार नाम के व्यक्ति की तलाश में पीलीभीत आई थी। दिल्ली पुलिस के साथ रिछोला चौकी इंचार्ज संदीप सिंह भी कल्यानपुर नौगवां गए थे। थाना प्रभारी के अनुसार, टीम पहचान में हुई गलती के कारण दूसरे पवन कुमार के घर पहुंच गई थी। चौकी इंचार्ज संदीप सिंह ने आरोपों को गलत बताया।
विज्ञापन
विज्ञापन

सीओ सिटी अमरनाथ वर्मा ने बताया कि पूरे मामले की जांच कराई जा रही है। जांच के बाद आगे की कार्रवाई की जाएगी। संवाद
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें