बरखेड़ा। महिला से छेड़छाड़ और पति की पिटाई करने के मामले में पुलिस नौ दिन तक जांच के नाम पर टालती रही। चौकी पर पुलिसकर्मी दोनों पक्षों में सुलह का दबाव बनाते रहे। मगर, अब अधिकारियों से गुहार लगाने के बाद मामले में कार्रवाई की गई है। पुलिस ने तीनों आरोपियों को नामजद करते हुए रिपोर्ट दर्ज की है।
थाना क्षेत्र की एक महिला ने पुलिस को दी तहरीर में बताया कि 23 जून की रात करीब नौ बजे वह अपने छप्पर के नीचे सो रही थी। पति काम से बाहर गए थे। इस बीच गांव के ओमप्रकाश वर्मा, घनश्याम उर्फ कल्लू और इच्छाराम उसके छप्पर में घुस आए। आरोप है कि तीनों ने मिलकर उससे छेड़छाड़ की। विरोध करने पर दबंगों ने उसकी पिटाई की। शोर सुनकर आसपास के ग्रामीण आ गए। इस पर आरोपी धमकी देकर भाग गए। दूसरे दिन सुबह पति शिकायत करने जा रहे थे। इस दौरान भी दबंगों ने पति को रास्ते में रोककर पीटा। पीड़ित की ओर से शिकायत की गई, मगर पुलिस जांच के नाम पर अब तक टालती रही। चौकी पर पुलिसकर्मी दोनों पक्षों में सुलह का दबाव बनाते रहे। कार्रवाई न होने पर पीड़िता ने एसपी-सीओ से गुहार लगाई। इंस्पेक्टर कमल सिंह ने बताया कि तीनों आरोपियों पर छेड़छाड़, मारपीट, धमकाने और एससी एसटी एक्ट के तहत एफआईआर दर्ज की गई है। विवेचना सीओ बीसलपुर लल्लन सिंह करेंगे।