पीलीभीत। छेड़छाड़ से आहत महिला के कीटनाशक पीकर जान देने के मामले में पुलिस पर लगाए गए आरोपों की जांच सीओ बीसलपुर धर्म सिंह मार्छाल करेंगे। इसमें छेड़छाड़ की शिकायत पर एनसीआर दर्ज करने और आठ माह पूर्व शोहदे को पकड़ने के बाद छोड़ने की सत्यता का पता लगाया जाएगा। मामले की जांच के आदेश एसपी अभिषेक दीक्षित ने दिए हैं।
बीसलपुर कोतवाली क्षेत्र की 35 वर्षीय महिला ने शुक्रवार सुबह घर पर रखा कीटनाशक पीकर जान दे दी थी। पति का कहना था कि गांव का रहने वाला शोहदा दुर्योधन उसकी पत्नी को आठ माह से परेशान कर रहा था। इसकी आठ माह पूर्व शिकायत करने पर यूपी 112 पुलिस ने दुर्योधन को पकड़ा, लेकिन पुलिस कार्रवाई करने के बजाय रास्ते में सांठगांठ कर छोड़ दिया था। बृहस्पतिवार रात को भी पीड़ित की गैर मौजूदगी मेें घर में घुसकर महिला से छेड़छाड़ और विरोध करने पर लाठी से वार कर घायल कर दिया था। रात को ही बीसलपुर कोतवाली में शिकायत की, लेकिन पुलिस ने एनसीआर दर्ज कर टाल दिया था। कीटनाशक पीकर महिला के खुदकुशी करने के बाद शुक्रवार सुबह आननफानन में खुदकुशी को विवश करने, मारपीट और छेड़छाड़ की धाराओं में रिपोर्ट दर्ज की थी। कोतवाल केशव कुमार तिवारी का कहना था कि पति ने आकर सिर्फ मारपीट की शिकायत की थी, इसके चलते एनसीआर दर्ज की गई थी। पुलिस पर परिवार की ओर से लगाए गए आरोपों को अमर उजाला ने सात मार्च के अंक में पेज नंबर एक पर समाचार प्रकाशित कर इस मामले को प्रमुखता से प्रकाशित किया। इसका संज्ञान लेते हुए एसपी ने सत्यता का पता लगाने की जिम्मेदारी सीओ बीसलपुर को दी है। एसपी ने सीओ से सभी पक्षों के बयान लेने के बाद जल्द रिपोर्ट देने को कहा है। ऐसे में अगर माले की सही ढंग से जांच हुई तो बीसलपुर पुलिस का फंसना तय माना जा रहा है।
शोहदे की गिरफ्तारी नहीं, कई रिश्तेदार हिरासत में
घटना के 24 घंटे बाद भी पुलिस आरोपी शोहदे दुर्योधन को पकड़ने में कामयाब नहीं हो सकी है। वह घटना के बाद से घर से भागा हुआ है। पुलिस ने गांव के अलावा अन्य कई स्थानों पर दबिश दी, लेकिन हत्थे नहीं चढ़ सका। पुलिस ने शोहदे तक पहुंचने के लिए कुछ रिश्तेदारों को हिरासत में लिया है। उनसे पूछताछ कर शोहदे की लोकेशन पता लगाने का प्रयास किया जा रहा है।
पुलिस की कहां पर लापरवाही रही, इसको लेकर जांच के आदेश किए गए हैं। सीओ बीसलपुर को जांच कर रिपोर्ट देने को कहा गया है। आरोपी की गिरफ्तारी के प्रयास किए जा रहे हैं, सख्त कार्रवाई होगी। - अभिषेक दीक्षित, एसपी