एसपी आवास के पास नगरपालिका की जमीन पर रातोंरात पिलर लगाकर कब्जा कर लिया गया। जानकारी पर नगरपालिका ने पिलरों का ढहवा दिया।
शहर के टनकपुर रोड पर एसपी आवास के समीप नगरपालिका की करीब 22 डिस्मिल जमीन पड़ी है। दो दिन पूर्व किसी व्यक्ति ने रातों रात चाराें ओर सीमेंट के पिलर लगाकर तार फैसिंग करा दी। अगले दिन मामले की जानकारी नगरपालिका प्रशासन को हुई। नगरपालिका के संपति अधिकारी संतोष कुमार ने तहसील पहुंचकर उक्त भूमि की अभिलेख मांगे।
तहसील में मिले अभिलेख में भूमि नगरपालिका की होना पाई गई। चेयरमैन ने कर निर्धारण अधिकारी नर सिंह राणा को मौके पर पहुंचकर अवैध कब्जा हटवाने के निर्देश दिए। बुधवार शाम नगरपालिका की टीम मौके पर लगे पिलरों को ढहवा दिया। संपत्ति अधिकारी के मुताबिक अवैध कब्जेदार कौन है, इसकी जानकारी नहीं हो सकी है।
इधर देशनगर मठिया के समीप भी नजूल भूमि पर तीन दुकानों का अवैध तरीके से निर्माण कराया जा रहा था। संपत्ति अधिकारी ने बताया कि दुकानों का निर्माण मोहल्ले के ही छत्रपाल, राकेश व नरेश द्वारा किया जा रहा था। उन्हें नोटिस दिया गया था, लेकिन इसके बाद भी कार्य नहीं रोका गया। अब इन सभी को अंतिम नोटिस जारी किया जा चुका है। यदि निर्माण कार्य रोका नहीं गया तो सख्त कार्रवाई की जाएगी।
इधर दुकान का निर्माण करवा रहे लोगों ने भूमि अपनी बताते हुए इसके अभिलेख भी होने की बात कही है।
इस संबंध में चेयरमैन प्रभात जायसवाल ने बताया कि टनकपुर रोड पर नगरपालिका की भूमि पर कब्जे का प्रयास किया जा रहा था। जिसे हटवा दिया गया था। यदि दोबारा कब्जे का प्रयास होता है तो कब्जेदार के खिलाफ सख्त कार्रवाई की जाएगी।