पूरनपुर (पीलीभीत)। मुजफ्फरनगर कोर्ट में हाजिर हुए डकैत मोइन उर्फ मोबिन का पुलिस को 48 घंटे का पुलिस कस्टडी रिमांड मिल गया है। पुलिस मुजफ्फरनगर जेल से उसे 16 अगस्त को पूछताछ के लिए अपनी हिरासत में लेगी।
पूरनपुर के गांव रंपुरा में 30 जनवरी की शाम को किराना व्यापारी सुनील गुप्ता के परिजनों को पांच डकैतों ने बंधक बनाकर नकदी और सोने, चांदी के आभूषण सहित 25 लाख रुपये लूट लिए थे। इस मामले में पुलिस ने पांच अज्ञात डकैतों के खिलाफ रिपोर्ट दर्ज की थी।
बाद में पुलिस ने घटना का खुलासा कर 28 मार्च को फरार चल रहे डकैतों में तीन डकैतों को गिरफ्तार कर लिया। उनका साथी मुजफ्फरनगर के किदवईनगर खाला पार निवासी शहजाद उर्फ गब्बर पुलिस को चकमा देकर भाग गया था। जिसे पुलिस ने कोर्ट से 30 जून को 30 घंटे के लिए पुलिस कस्टडी रिमांड पर लेकर 50 हजार रुपये और घटना में प्रयुक्त तमंचा और कारतूस बरामद किया था।
पांचवां और मुख्य आरोपी मुरादाबाद के बगिया वाला पीपल सदना भोजपुर निवासी मोईन उर्फ मोबिन भी सात जुलाई को मुजफ्फरनगर कोर्ट में पुराने डकैती के मामले में जमानत तुड़वाकर हाजिर हो गया। पुलिस ने उसका वारंट बनवाया था। सप्ताह भर पहले पीलीभीत कोर्ट लाए गए डकैत से पुलिस ने ज्यूडिशियल कस्टडी में पूछताछ की थी।
पुलिस उसको कस्टडी रिमांड में लेने की कोशिश में जुटी थी। कोतवाल राजीव कुमार शर्मा ने बताया कि मोबिन को पुलिस कस्टडी में लेने के लिए 16 अगस्त को 48 घंटे के लिए रिमांड मिल गया है।