जश्र और जोश के आगे बेबस दिखी पुलिस
मतगणना को लेकर मंडी समिति में सुरक्षा के पुख्ता बंदोबस्त किए गए थे। दोनों गेटों पर भारी पुलिस बल और एसएसबी जवानों को लगाया गया। सुरक्षा कमान संभालने के लिए एक-एक सीओ को तैनात किया गया था। नौगवां पकड़िया गांव की ओर मंडी के गेट नंबर एक पर समर्थकों की भीड़ नाममात्र रही। मगर रामलीला रोड पर सुबह से ही समर्थक जुटने लगे। मतगणना के दस चरण पूरे होने पर जिले की चारों सीटों पर बढ़त का पता लगते ही भाजपा समर्थक खुशी से झूम उठे। उसी वक्त जीत का अंदाजा लगा लिया गया और गुलाल से होली खेलने लगे। उत्साह में भरे लोग पुलिस की गाड़ियों और दीवारों पर चढ़ गए। पुलिस ने कई बार समझाने की कोशिश की, लेकिन लोग नहीं मानें। भीड़ की वजह से रोड पर आवाजाही पूरी तरह से बाधित होने लगी। इस बीच मतगणना स्थल से आ रहे वाहनों के निकलने को भी जगह नहीं बची। इस बीच अचानक एसपी देवरंजन वर्मा, सीओ सिटी अनुराग दर्शन, सीओ बीसलपुर हरीश भदौरिया, सीओ सदर निशांक शर्मा पुलिस व एसएसबी संग मौके पर जा पहुंचे। अफसरों ने पहले समर्थकों को रोड से एक तरफ खड़े होने को कहा। इसके बाद भी लोग सड़क से न हटने तो पुलिस ने सख्ती की। अफसरों से निर्देश मिलते ही पुलिस ने समर्थकों की भीड़ को खदेड़ दिया। इसके बाद भी कई बार पुलिस को समर्थकों की भीड़ को व्यवस्थित करने के लिए काफी जद्दोजहद करनी पड़ी।