जश्र और जोश के आगे बेबस दिखी पुलिस
सपा सरकार के कैबिनेट मंत्री हाजी रियाज अहमद को बड़े अंतर से हराकर सदर सीट पर भाजपा के संजय सिंह गंगवार के विजयी होने का पता लगते ही समर्थक खुशी से झूम उठे। पहले तो मतगणना पांडाल के बाहर नारेबाजी शुरू कर दी गई। इसके बाद मतगणना स्थल के बाहर जमा समर्थक जुलूस की तैयारी में जुट गए। हालांकि प्रशासन और पुलिस जुलूस व आतिशबाजी पर रोक लगाने की बात कहते रहे। अधिकारी संजय सिंह गंगवार से संपर्क कर जुलूस न निकालने को राजी करने में जुटे रहे। नियमों का भी हवाला दिया गया, लेकिन भाजपा कार्यकर्ताओं के जोश के आगे पुलिस वाले बेबस रहे। समर्थकों के जश्र और जोश के आगे सुरक्षा इंतजाम और अधिकारियों के दावे एक पल में हवाई साबित हो गए। जीत की खुशी में समर्थकों ने नव निर्वाचित संजय के निकलते उनको फूलमालाओं से लाद दिया। इसके बाद खुली जीप में पुलिस सुरक्षा में काफिला शुरु हुआ। जोकि जुलूस की शक्ल में डिग्री कालेज चौराहा, छतरी चौराहा, रामा पैलेस, गौहनिया चौराहा, जिला अस्पताल, नेहरू पार्क होकर संजय रॉयल पार्क पहुंचकर समाप्त हुआ। इस दौरान समर्थकों ने गुलाल की होली खेली। जमकर आतिशबाजी की गई। ढोल नगाड़ों पर डांस किया गया। इसके अलावा रास्ते में कई स्थानों पर चुनाव जीते संजय गंगवार का जोरदार स्वागत किया गया। बाइक सवार समर्थकों ने नारेबाजी करते हुए जीत का जश्र मनाया। सीओ अनुराग दर्शन जुलूस के आगे तो इंस्पेक्टर हरगोविंद सिंह, कस्बा इंचार्ज अभय कुमार पांडे ने नव निर्वाचित विधायक संजय गंगवार को घर तक पहुंचाया।