पांच संवेदनशील स्थानों पर पीएसी तैनात
जिले के 1261 स्थानों पर होगा होलिका दहन
होली पर हुड़दंगियों पर नकेल कसने और किसी अप्रिय घटना से बचने के लिए पुलिस महकमे ने मुकम्मल इंतजाम किए हैं। शहर में पांच संवेदनशील स्थानों को मार्क कर पुलिस और पीएसी तैनात की गई है।
जिले में बुधवार रात 1261 स्थानों पर होलिका दहन किया जाएगा। पुलिस मकहमे ने सुरक्षा चार्ट तैयार कर होली पर्व को शांतिपूर्ण ढंग से निपटाने की सभी तैयारियां पूरी कर ली हैं। सुरक्षा की दृष्टि से जिले में दो कंपनी पीएसी व सभी थानों का पुलिस फोर्स तैनात किया गया है। थानों में पुलिस फोर्स की कमी न हो, इसको लेकर 250 रिक्रूट भी तैनात किए गए हैं। एएसपी विकास कुमार वैद्य ने बताया कि शहर के जाटों का चौराहा, देशनगर, बेनी चौधरी, देशनगर मठिया समेत पांच संवेदनशील प्वाइंटों को चिंहित किया गया है। इन प्वाइंटों पर पुलिस के साथ पीएसी भी तैनात रहेगी। होलिका स्थलों की सुरक्षा व्यवस्था मजबूत की गई है। हुड़दंगियों पर नकेल कसने को पिकेट व्यवस्था भी की गई है। वहीं पूर्व में हुए विवादों में शामिल लोगों को मुचलका पाबंद किया गया है।