संवाद न्यूज एजेंसी
पीलीभीत। पुलिस ने तीन चोराें को पकड़कर उनके पास से मकान से चोरी सामान बरामद कर लिया। चोर निर्माणाधीन मकान से ई रिक्शा में सामान भरकर कर ले जा रहे थे।
सदर कोतवाली क्षेत्र के देशनगर के बाहर चुंगी निवासी शशि कपूर सिंह ने कोतवाली पुलिस को तहरीर देकर रिपोर्ट दर्ज कराई। जिसमें कहा गया कि उनके निर्माणाधीन मकान से रविवार रात चोरों ने छह टाइल्स की पेटियां और पानी की मोटर चोरी कर ली । पुलिस ने तहरीर के आधार पर अज्ञात के खिलाफ चोरी का मुकदमा दर्ज कर लिया।
सिविल लाइन चौकी प्रभारी जितेंद्र सिंह ने बिलगवां रेलवे फाटक के समीप एक ई-रिक्शा को पकड़ा। ई-रिक्शा की तलाशी लेने पर उसमें से चोरी का सारा सामान बरामद हुआ। पुलिस ने तीन लोगों को मौके पर ही पकड़ लिया जबकि चौथा युवक पुलिस को चकमा देकर भाग निकला। आरोपियों ने अपना नाम दीपक, आशुतोष राणा, संजीव मौर्य निवासी ग्राम खपरैल गौटिया बताया।
प्रभारी निरीक्षक कोतवाली नरेश त्यागी ने बताया कि गिरफ्तार तीनों आरोपियों को जेल भेज दिया गया है। फरार आरोपी की तलाश की जा रही है।