साइकिल पर सवार कैपरी और टी शर्ट पहनकर शहर का भ्रमण करने निकले एसपी ने सुबह सात बजे नियम विरूद्ध तरीके से शराब की बिक्री होते देखा तो दंग रह गए। दुकान पर जाकर सेल्समैन से पहले आम नागरिक बनकर बातचीत कर जानकारी की। इसके बाद पुलिस बुलाकर दुकान को बंद करा दिया। बाद में नियमानुसार चालान कार्रवाई कर रिपोर्ट अधिकारियों को भेज दी।
गुरुवार सुबह एसपी मुनिराज जी गुपचुप तरीके से शहर के माहौल को भांपने के लिए साइकिल से भ्रमण पर निकले। इसका पता महकमे के लोगों को भी नहीं हुआ। पहले गांधी स्टेडियम पहुंचे। यहां कुछ देर रुकने के बाद वह साइकिल से आगे बढ़ गए। गैस चौराहा के पास पहुंचते ही उन्होंने देखा कि अंग्रेजी शराब की दुकान खुली हुई है, जबकि नियमानुसार सुबह नौ बजे से पहले दुकान खुल ही नहीं सकती। इस पर एसपी ने दुकान पर जाकर वहां मौजूद कर्मचारी से दुकान खुलने को लेकर बातचीत शुरू कर दी। खास बात रही कि दुकानदार भी एसपी को आम नागरिक समझकर सब कुछ खुलकर बताता चला गया। इसके बाद एसपी के बढ़ते सख्त तेवरों को देख उसका पसीना छूटना शुरू हो गया। कुछ ही देर में एसपी होने का पता लगते ही उसके होश फाख्ता हो गए। एसपी ने तत्काल सुनगढ़ी इंस्पेक्टर अतुल प्रधान को मौके पर बुला लिया, जिसके बाद दुकान बंद कराकर वहां मौजूद कर्मचारी को हिरासत में ले लिया गया। थाने लाकर पूछताछ की गई। एक्साइज विभाग के अफसर और शराब ठेकेदार भी थाने पहुंच गए। इसके बाद नियमानुसार कार्रवाई करते हुए चालान काटा गया है।
माधोटांडा की दो दुकानों भी मिली खुली
शहर में शराब की दुकान समय से पहले खुली मिलने पर एसपी ने देहात क्षेत्रों की भी हकीकत परखी। जिले में शराब की दुकानों की चेकिंग कराई गई। इसमें माधोटांडा क्षेत्र में भी दो दुकानें नौ बजे से पहले खुली हुई थीं। इनको भी कार्रवाई कर बंद करवाया गया।
भ्रमण के दौरान शराब की दुकान समय से पहले खुली पाई गई थी। जिस पर नियमानुसार तरीके से कार्रवाई की गई है। इसकी रिपोर्ट भी अधिकारियों को दी गई है। लगातार दो चालान होने के बाद दुकान का लाइसेंस भी निरस्त होने का प्रावधान है।
- मुनिराज जी, एसपी