पीलीभीत। गजरौला क्षेत्र के ग्रामीण ने पुलिस पर धमकाने और समझौते के लिए थाने पहुंचे प्रधान की पिटाई कर फर्जी रिपोर्ट दर्ज कर उसका चालान करने का आरोप लगाया है।
गजरौला क्षेत्र के अजीतपुर पटपरा के एक ग्रामीण ने बुधवार को एसपी को दिए प्रार्थना पत्र में बताया कि उनकी पुत्री और दामाद के बीच विवाद चल रहा है। 21 मार्च की दोपहर वह महुआ गांव के प्रधान बीरबल को साथ लेकर सुलह-समझौते के उद्देश्य से गजरौला थाने गया। थाने में समझौते की वार्ता चल रही थी। आरोप है कि तभी थाना प्रभारी, दरोगा व एक सिपाही आए और प्रधान से रुपये की मांग की। मना करने पर गाली-गलौज करते हुए प्रधान को कमरे में ले जाकर पीटा। बाद में फर्जी रिपोर्ट दर्ज कर प्रधान का शांतिभंग में चालान कर दिया। पीड़ित ने प्रधान के खिलाफ दर्ज रिपोर्ट को निरस्त कराने और आरोपी पुलिसकर्मियों पर कार्रवाई की मांग की है।
थाना प्रभारी ब्रजवीर सिंह ने बताया कि पुलिस पर लगाए जा रहे आरोप निराधार हैं। मामले में कोर्ट में युवती की ओर से कोर्ट में दिए गए बयानों के आधार पर कार्रवाई की जा रही है। संवाद