मतदाता जागरूकता के लिए जिले में 26 जनवरी को पतंग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। वीडियो कांफ्रेंस के दौरान इसकी जानकारी होने पर उपचुनाव आयुक्त उमेश सिन्हा ने इसकी सराहना की। उन्होंने अन्य माध्यमों से मतदाता जागरूकता अभियान चलाने के निर्देश दिए। विधानसभा चुनाव में मतदाता प्रतिशत बढ़ाने को चुनाव आयोग के निर्देश पर मतदाता जागरूकता अभियान चलाया जाना है। इसकी तैयारियों की समीक्षा को लेकर उपचुनाव आयुक्त उमेश सिन्हा ने प्रथम और द्वितीय चरण के चुनाव वाले जनपद के अधिकारियों के साथ वीडियो कांफ्रेंस की। उपचुनाव आयुक्त ने कहा कि जनसुविधा केंद्रों के साथ सरकारी कार्यालय और वाहनों पर भी मतदाता जागरूकता के स्टीकर लगाए जाए और स्कूल कॉलेजों में कार्यक्रम आयोजित किए जाने चाहिए। जिले में स्वीप टीम का गठन कर अभियान चलाया जाना चाहिए। समीक्षा के दौरान उन्हें डीएम मासूम अली सरवर ने बताया कि जिले में हॉबीज हैरिटेज इंडिया सोसाइटी की ओर से 26 जनवरी को मतदाता जागरूकता पतंग महोत्सव का आयोजन किया जाएगा। इस पर उपचुनाव आयुक्त ने कार्यक्रम की सराहना की और अन्य जनपदों से मतदाताओं को जागरूक करने के लिए कार्यक्रम चलाने को कहा। वीडियो कांफ्रेंस में एडीएम अजयकांत सैनी, डीआईओएस अनिल कुमार मिश्रा, लक्ष्मीकांत शर्मा रहे।