ऑल इंडिया लोको रनिंग स्टाफ एसोसिएशन व ऑल इंडिया गार्ड काउंसिल के आहवान पर दस सूत्रीय मांगों को लेकर लोको पायलटों व गार्डों ने 36 घंटे का सामूहिक उपवास रखा। इस दौरान पायलटों व गार्डों ने डीजल लॉबी में सांकेतिक धरना व प्रदर्शन किया। इधर मैलानी से ट्रेन लेकर आ रहे एक लोको पायलट हालत बिगडने पर बेहोश हो गया। पायलट को रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है।
केंद्रीय आहवान पर रेलवे के लोको पायलटों व गार्डों ने बुधवार को अपनी दस सूत्रीय मांगों को लेकर 36 घंटे का उपवास शुरू कर दिया। इस दौरान कई लोको पायलटों व गार्डों ने 14.29 प्रतिशत की वेतन वृद्धि सुनिश्चित करते हुए रनिंग स्टाफ का वेतन निर्धारण करने, रेलवे बोर्ड के निर्णय को रिव्यू कर एलईओ चेन्नई के निर्देशो के साथ लागू करने, रनिंग भत्ते आरएसी 1981 सिद्धांत के अनुसार निर्धारित करने, रनिंग एलाउंस पर गठित एम्पायर कमेटी को रद्द करने, एसपीएडी का वर्गीकरण कर न्यनूतम दंड बर्खास्तगी समाप्त करने, बिना ब्रेकयान व बिना गार्ड के असुरक्षित ट्रेनों का संचालन बंद करने समेत विभिन्न मांगो को लेकर डीजल लॉबी में एकत्र होकर सांकेतिक धरना दिया। इस दौरान उन्होंने नारेबाजी कर प्रदर्शन भी किया। धरना व प्रदर्शन करने वालों में एसएन विश्वकर्मा, विजय त्यागी, संजीव सिंह, ओमप्रकाश बघेल, जसवंत सिंह, संजय सिंह, गौतम कुमार, कुंवर सिंह, प्रदीप कुमार, वीरेंद्र कुमार, कुंदन, शशि, ओपी गुप्ता, शेर सिंह, रामकिशन, अजय सिंह, मिथलेश, राजेश, परविंदर सिंह समेत कई पायलट व गार्ड शामिल रहे।
00
मैलानी से ट्रेन लेकर आ रहे पायलट की हालत बिगड़ी
केंद्रीय आहवान पर चल रहे सामूहिक उपवास में लोको पायलट अफसर अली भी शामिल हैं। बताते हैं कि अफसर अली बुधवार दोपहर करीब डेढ़ बजे मैलानी से ट्रेन संख्या 52208 लेकर पीलीभीत आ रहे थे। पूरनपुर रेलवे स्टेशन के समीप पहुंचने पर उनकी अचानक हालत बिगडने लगी। संडई हाल्ट पर तबियत अधिक खराब होने पर अफसर अली ट्रेन से नीचे उतरकर टहलने लगे। बताते हैं कि टहलने के दौरान वह बेहोश होकर गिर पड़े। को पायलट विजय कुमार ने उन्हें उठाकर ट्रेन में लिटाया। ट्रेन के पीलीभीत पहुंचने पर उन्हें रेलवे अस्पताल में भर्ती कराया गया है। इसके चलते ट्रेन करीब आधा घंटा देरी से पहुंच सकी।
---