गांधी स्टेडियम के तरणताल के आठ नन्हे तैराकों ने जूनियर और सब जूनियर राज्य तैराकी में बेहतर प्रदर्शन कर जिले का नाम रोशन किया। दो तैराकों का चयन बालिका छात्रावास के लिए किया गया है।
शहर के गांधी स्टेडियम में कुछ साल पहले तरणताल का निर्माण किया था, लेकिन कोच की व्यवस्था न होने से इसका सही ढंग से संचालन नहीं हो पा रहा था। स्टेडियम में नए जिला क्रीड़ा अधिकारी प्रदीप चौहान ने चार्ज संभालने के बाद बतौर कोच तरणताल में बच्चों और युवाओं को तैराकी का प्रशिक्षण देना शुरू कर दिया। मेरठ में 11 जून से हुई जूनियर राज्य तैराकी प्रतियोगिता में लाखन सिंह, आर्यन अग्रवाल, अभिमन्यु सिंह, यशवर्धन पांडेय, शारस्वत मिश्रा ने बेेहतर प्रदर्शन किया। बनारस में 28 जून से हुई सब जूनियर बालक तैराकी प्रतियोगिता में यर्थात पाठक, अनंतदीप और प्रशांत यादव ने अच्छा प्रदर्शन कर तैराकी के क्षेत्र में अपनी धाक जमाई। जिला क्रीड़ा अधिकारी ने बताया कि प्रदेश सरकार ने महिलाओं का खेलों की ओर रुझान बढ़ाने के उद्देश्य से प्रदेश स्तर पर 20 सीटों का बालिका छात्रावास खोला गया है। इसमें गांधी स्टेडियम में प्रशिक्षण प्राप्त कर रही यशिका तनेजा और विदुशी शर्मा का चयन आवासीय तैराकी क्रीड़ा छात्रावास के लिए किया गया है। उन्होंने बताया कि इन सभी तैराकों को 23 जुलाई को डीएम सम्मानित करेंगे।