पीलीभीत। जनशिकायतों के समयबद्ध और गुणवत्तापूर्ण निस्तारण में पीलीभीत पुलिस ने प्रदेश में पहला स्थान हासिल किया है। उत्तर प्रदेश शासन की ओर से जारी सितंबर की आईजीआरएस-जनसुनवाई पोर्टल की प्रदेश स्तरीय मासिक रैंकिंग में जिले ने सभी प्रमुख मानकों पर बेहतर प्रदर्शन करते हुए यह उपलब्धि हासिल की। खास बात यह है कि जिले के सभी 17 थानों ने भी अपनी श्रेणी में प्रदेश में प्रथम स्थान प्राप्त किया है।
एसपी सुकीर्ति माधव ने बताया सितंबर की रैंकिंग में संदर्भों का समय से अग्रसारण, डिफॉल्टर मामलों की रोकथाम, शिकायतकर्ताओं से प्राप्त संतुष्ट फीडबैक, सी-श्रेणी के संदर्भों में कमी, मुख्यमंत्री कार्यालय से आने वाले प्रकरणों का निस्तारण, उच्चाधिकारियों की कार्रवाई, संदर्भों की फीडिंग, भौतिक सत्यापन, यूजर प्रोफाइल अपडेट और फील्ड विजिट रिपोर्ट जैसे मानकों पर पुलिस ने बेहतर प्रदर्शन किया। संवाद