पीलीभीत। शहर के गांधी स्टेडियम में चल रही बेसिक शिक्षा विभाग की तीन दिवसीय 38वीं मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता में पीलीभीत ओवरऑल चैंपियन बना। उपविजेता का खिताब बरेली को मिला। समापन कार्यक्रम में पहुंचे गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार ने खिलाड़ियों को पुरस्कृत कर हौसला आफजाई की।
गन्ना राज्यमंत्री ने सामूहिक चैंपियनशिप की ट्राॅफी सौंपी तो जिले के शिक्षकों और बच्चों के चेहरे खिल गए। उपविजेता की चैंपियनशिप ट्रॉफी बरेली जिले के जिला व्यायाम शिक्षक मुकेश कुमार और उनकी टीम को सौंपी गई। प्राथमिक स्तर बालक वर्ग की व्यक्तिगत चैंपियनशिप शाहजहांपुर के अनिकेत के नाम हुई। बालिका वर्ग में भी शाहजहांपुर की मीनाक्षी चैंपियन बनीं।
जूनियर स्तर बालक वर्ग की व्यक्तिगत चैंपियनशिप बरेली के नितेश को मिली। बालिका वर्ग में शाहजहांपुर की वर्षा को गन्ना राज्यमंत्री ने व्यक्तिगत चैंपियनशिप की शील्ड सौंपी। अपने संबोधन में राज्यमंत्री ने कहा कि मौजूदा सरकार ने शिक्षा के क्षेत्र में कई अहम फैसले लेकर स्कूलों की जर्जर दशा में सुधार किया है। कहा कि जिले के सामूहिक चैंपियन बनने में शिक्षकों की मेहनत के साथ-साथ बीएसए अमित कुमार सिंह की बड़ी भूमिका है। जिला बेसिक शिक्षा अधिकारी अमित कुमार सिंह ने सफल रैली की सभी को बधाई दी।
समापन समारोह में स्कूली बच्चों ने कई सांस्कृतिक कार्यक्रम प्रस्तुत किए। विजेता छात्राओं को राज्यमंत्री और बीएसए ने शील्ड और मेडल देकर सम्मानित किया। निर्णायक मंडल में नरेंद्र मौर्य, आदित्य गंगवार, अनुदेशक कल्याण समिति के प्रदेश संगठन मंत्री प्रखर मिश्रा, सर्वेश गंगवार, सुरेंद्र गंगवार, जयप्रकाश, केके सिंह, विभा मिश्रा, फैजान अली आदि रहे।
इस मौके पर प्राथमिक शिक्षक संघ के जिला अध्यक्ष दयाशंकर गंगवार, सीनियर बेसिक शिक्षक संघ के अध्यक्ष भद्रपाल गंगवार, डीपी गंगवार, मुकेश अवस्थी, राजेश मिश्रा, मो. अकरम, अनीता तिवारी, निरंजना शर्मा, रजनी जौहरी समेत विभिन्न लोग मौजूद रहे। व्यवस्था संभालने में जिला समन्वयक राकेश पटेल, जिला व्यायाम शिक्षक राजीव मिश्रा का विशेष योगदान रहा। संचालन वैभव जैसवार, दुर्गेश आर्य, डॉ. अंजु सिंह ने किया।
पीलीभीत के गांधी स्टेडियम में मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता में कुश्ती में प्रतिभाग करते बच्चे।संवा
पीलीभीत के गांधी स्टेडियम में मंडलीय खेलकूद प्रतियोगिता में कुश्ती में प्रतिभाग करते बच्चे।संवा