हादसे के बाद जांच करती पुलिस...
- फोटो : अमर उजाला
क्षेत्र के एक गांव के ईंट भट्ठे पर मजदूरी करने वाली दो बहनों की सोमवार देर शाम हत्या कर दी गई। एक का शव घटना के कुछ देर बाद ही भट्ठे से सौ मीटर दूर सड़क किनारे मिला, जबकि दूसरी का शव मंगलवार सुबह रस्सी के फंदे से पेड़ पर लटका मिला। शुरुआती छानबीन के बाद पुलिस मामला ऑनर किलिंग का मानकर जांच कर रही है। बुधवार को पुलिस घटना का खुलासा कर सकती है। परिवार की भूमिका संदिग्ध मानकर मां, भाई और भाभी को हिरासत में लेकर पूछताछ की गई है। भट्ठे के मुनीम समेत तीन लोगों को भी हिरासत में लेकर थाने में बैठाया गया है, घटना की वजह उनसे जुड़ना बताई जा रही है।
छोटी बहन को गला दबाकर मारने की बात पोस्टमार्टम रिपोर्ट में स्पष्ट है, जबकि बड़ी बहन की मौत फंदे से लटकने से बताई गई है। पुलिस का मानना है कि उसका भी गला दबाया गया, बेहोश होने पर उसे पेड़ से लटकाया गया। पुलिस की छानबीन शुरू होने से पहले परिवार वालों ने रंजिश से इनकार करते हुए दुष्कर्म की आशंका और उसी के चलते हत्या की बात कही। हालांकि पोस्टमार्टम के बाद प्रथम दृष्टया दुष्कर्म की बात सामने नहीं आई है, पुष्टि के लिए स्लाइड बनाई गई है।
बिलसंडा थाना क्षेत्र की रहने वाली महिला ने बताया कि उनके पति की पांच साल पहले मौत हो गई थी। परिवार में इन दो बेटियों के अलावा बेटा और पुत्रवधू हैं, वे सभी काफी समय से बीसलपुर क्षेत्र के एक गांव के ईंट भट्ठे पर रहकर मजदूरी करते आ रहे हैं। मां के अनुसार, सोमवार शाम सात बजे दोनों बेटियां (17 वर्ष और 20 वर्ष) खेत पर दिनचर्या के जरूरी काम से गई थीं। काफी देर बाद भी दोनों के न आने पर परिवार वाले तलाश के लिए निकले। रात करीब साढ़े दस बजे छोटी बेटी का शव भट्ठे से सौ मीटर दूर पीलीभीत-बीसलपुर मार्ग पर सड़क किनारे पड़ा मिला। उसके गले पर चोट के निशान थे। नजदीक में ही एक मोबाइल पड़ा था।
शव और मोबाइल उठाकर परिवार वाले घर आ गए। फिर बड़ी बेटी की तलाश में निकले। रात भर भटकने के बाद भी कुछ पता नहीं लग सका। मंगलवार सुबह छह बजे भट्ठे से दो सौ मीटर दूर खेत में यूकेलिप्टिस के पेड़ पर रस्सी के फंदे से बड़ी बेटी का शव लटका मिला। भट्ठा मालिक बीसलपुर के मोहल्ला ग्यासपुर निवासी अली हसन ने सूचना पुलिस को दी। सूचना पर कोतवाल कमल सिंह पहुंचे और शव नीचे उतरवाया। कुछ ही देर में आईजी राजेश कुमार पांडेय, एसपी जयप्रकाश, एएसपी डॉ. पवित्र मोहन त्रिपाठी फील्ड यूनिट और डॉग स्क्वॉड के साथ पहुंचे और छानबीन की।
पैनल से शवों का पोस्टमार्टम कराया गया है। घटना सामने आने के बाद से ही परिवार की भूमिका संदिग्ध लग रही है। मौके और घर से मिले कुछ साक्ष्य इस संदिग्ध भूमिका को काफी साफ कर रहे हैं। पूछताछ की जा रही है, जल्द खुलासा किया जाएगा।
- जयप्रकाश, एसपी
-
ये साक्ष्य बना रहे परिवार की भूमिका संदिग्ध
- बड़ी बहन का शव जिस रस्सी के फंदे से लटका मिला, वैसे ही रस्सी घर पर मिली
- छोटी बहन की लाश मिलने के बाद परिजन ने किसी को जानकारी नहीं दी, आसपास वालों को भी पता नहीं चला
- भाभी ने कुछ जानकारियां दीं, जो पूरे परिवार को बना रही संदिग्ध