पीलीभीत। मीटरगेज के बाद ब्राडगेज की सौगात तो जिले के लोगों को मिल गई। मगर पीलीभीत-मैलानी रेलखंड समर स्पेशल ट्रेन तक ही सीमित रहा। इस संबंध में लोगों ने अधिकारियों का ध्यान आकर्षित भी किया पर कोई नतीजा नहीं निकला।
बरेली-पीलीभीत होते हुए मैलानी तक लोग आठ साल से ट्रेन चलने का इंतजार कर रहे थे। करीब ढाई माह पूर्व रूट बनकर तैयार हो गया, बावजूद इसके इज्जतनगर होते हुए सिर्फ एक समर स्पेशल ट्रेन चलाई गई। पिछले दिनों पीलीभीत से शाहगढ़ तक का रूट चालू हुआ तो स्पेशल ट्रेन के तौर पर 05055 लालकुआं-वाराणसी और 05056 वाराणसी-लालकुआं स्पेशल ट्रेन को सप्ताह में एक दिन चलाया गया।
इस रूट पर बरेली होते हुए सिर्फ यही एक ट्रेन चली, जिसका स्टॉप इज्जतनगर स्टेशन पर था। यह ट्रेन बरेली सिटी और जंक्शन तक भी नहीं थी। इसके अलावा 05043 रामनगर-ऐशबाग व 05044 ऐशबाग-रामनगर ट्रेन का स्टॉपेज भोजीपुरा और बहेड़ी में दिया गया। तीसरी ट्रेन 05060 लालकुआं-हावड़ा स्पेशल व 05059 हावड़ा-लालकुआं स्पेशल ट्रेन का स्टॉपेज भोजीपुरा में दिया गया।
पीलीभीत से फिलहाल इस रूट पर तीन ट्रेनों का संचालन किया गया। जिसमें एक भी ट्रेन नियमित नहीं है, बल्कि सप्ताह में एक या दो दिन ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है।
-
रेल बजट आया तो काफी उम्मीदें थीं, जो पूरी नहीं हो सकीं। इससे तो मीटरगेज का दौर काफी अच्छा रहा। जिससे लोगों को नियमित ट्रेनें तो मिल रहीं थीं। नियमित ट्रेनें न होने से लोगों को काफी दिक्कत आ रही है।
- शिवम कश्यप, समाजसेवी
-
ब्राडगेज की सौगात मिलने से ट्रेनें बढ़ने की संभावना थी। जिन ट्रेनों का संचालन हो रहा है, इनसे यात्री पूरी तरह से लाभान्वित नहीं हो पा रहे है। - आशू भारद्वाज, अधिवक्ता
-
स्पेशल ट्रेनों का संचालन किया जा रहा है। नियमित ट्रेनों की मांग को लेकर अधिकारियों को पत्राचार किया जा चुका है। आदेश आने के बाद ही नई ट्रेनों का संचालन किया जा सकेगा।
- राजेंद्र सिंह, जनसंपर्क अधिकारी, इज्जतनगर, बरेली
लखनऊ के लिए नियमित ट्रेन संचालन के लिए स्टेशन अधीक्षक को सौंपा ज्ञापन
पीलीभीत। लखनऊ के लिए नियमित ट्रेनों का संचालन न हो पाने के कारण लोगों को दिक्कतों का सामना करना पड़ रहा है। इस समस्या को लेकर सेंट्रल बार एसोसिएशन के पदाधिकारियों ने रेल मंत्री को संबोधित ज्ञापन स्टेशन अधीक्षक धर्मेंद्र कुमार को सौंपा।
ज्ञापन में कहा गया है कि पूर्वाेत्तर रेलवे की ओर से वर्ष 2018 तक बरेली वाया पीलीभीत, सीतापुर, लखनऊ तक के लिए ट्रेनों का संचालन हो रहा था। मीटरगेज को ब्राडगेज में बदलने के चलते इन ट्रेनाें का संचालन बंद कर दिया गया। अब ब्राडगेज होने के बाद भी इस रूट पर ट्रेनों का संचालन नियमित रूप से नहीं किया जा रहा है। जरूरी है ट्रेनों का संचालन जल्द शुरू किया जाए। पत्र देने वालाें में शिव शर्मा, विकास शर्मा, राहुल शर्मा, शादाब खां, शिव कुमार, रेशू पांडेय आदि शामिल रहे। संवाद
शिवम कश्यप।