इस दौरान 28 सड़कों का निर्माण कराने एवं वेतन एवं अन्य कार्यों के लिए 31.31 लाख के व्यय स्वीकृत किए गए। पीलीभीत गन्ना समिति परिसर में स्थित परिषद कार्यालय में बृहस्पतिवार को अध्यक्ष रचित अग्रवाल की अध्यक्षता में बोर्ड की बैठक हुई। मंत्री/ज्येष्ठ गन्ना विकास निरीक्षक केजी गौतम ने पिछली बैठक की कार्रवाई पढ़कर सुनाई। इसके बाद एजेंडे पर चर्चा शुरू हुई। सबसे पहले स्टाफ के वेतन एवं अन्य कार्यों पर खर्च हुए 31.31 के व्यय बिल को सर्वसम्मति से पास किया गया। इसके बाद गन्ना किसानों की सुविधाओं पर चर्चा हुई।
किसानों को अनुदान पर कृषि यंत्र, बीज, उर्वरक देने के साथ ही सड़कों के निर्माण एवं मरम्मत पर चर्चा हुई। इस पर संचालकों के प्रस्तावों पर 28 सड़कें बनवाने का प्रस्ताव पास किया। इसके लिए शासन से धन की मांग की जाएगी। संचालकों ने मिल अधिकारियों से छोटे किसानों को समय से पर्चियां देने एवं उनकी समस्याओं को प्राथमिकता से हल करने को कहा। बैठक में संचालक गुरनाम सिंह, शांतिस्वरूप, महेंद्रपाल, एलएच के जीएम केजी शर्मा, संजीव राठी, पीएस विष्ट, अतिवीर सिंह सहित कई लोग थे।