संवाद न्यूज एजेंसी
न्यूरिया। रोमांच की चरम सीमा पर पहुंचे मुकाबले में पीलीभीत ने शक्तिफार्म टैगोर नगर को पेनल्टी शूटआउट में 10-9 से हराकर नेताजी सुभाष कप-2026 फुटबॉल टूर्नामेंट के फाइनल में प्रवेश कर लिया।
मंगलवार को न्यूरिया कॉलोनी स्थित राजकीय इंटर कॉलेज मैदान पर खेले गए दूसरे सेमीफाइनल में निर्धारित समय तक दोनों टीमें गोल करने में नाकाम रहीं। इसके बाद पेनल्टी शूटआउट में पीलीभीत ने बाजी मार ली।श्री श्री शारदीय दुर्गा पूजा महोत्सव के तहत आयोजित टूर्नामेंट के सेमीफाइनल में दोनों टीमों ने जीत के लिए पूरा जोर लगाया। पहले और दूसरे हाफ में खिलाड़ियों ने कई बार गोल करने के मौके बनाए, लेकिन किसी भी टीम को सफलता नहीं मिली।
निर्धारित समय तक स्कोर बराबर रहने के बाद मुकाबले का फैसला पेनल्टी शूटआउट से हुआ। यहां भी दोनों टीमों के बीच कड़ी टक्कर देखने को मिली। आखिरकार पीलीभीत ने 10-9 से जीत दर्ज कर फाइनल का टिकट पक्का कर लिया। पीलीभीत के आकाश को शानदार प्रदर्शन के लिए मैन ऑफ द मैच चुना गया। मैच में आशू, किशोर और लाखन ने रेफरी की भूमिका निभाई।
मुख्य अतिथि जिला फुटबॉल संघ, पीलीभीत के अध्यक्ष कपिल देव सिंह और पूर्व खिलाड़ी दिलीप थापर रहे। आयोजन समिति के अध्यक्ष सुब्रत दास ने बताया कि आज टूर्नामेंट में कोई मुकाबला नहीं होगा। खिताबी भिड़ंत 22 अक्तूबर को पीलीभीत और गोला गोकर्णनाथ की टीमों के बीच होगी। विजेता टीम को ट्रॉफी के साथ 14 हजार रुपये, जबकि उपविजेता को ट्रॉफी और सात हजार रुपये की पुरस्कार राशि दी जाएगी।
इस दौरान समिति के उपाध्यक्ष किशोर बाइन, कोषाध्यक्ष विजय सरकार, संरक्षक निमाई मंडल, राधेश्याम, भवतोष, नित्यानंद साना सहित समिति के सदस्य व खेलप्रेमी मौजूद रहे।