भारतीय किसान मजदूर संगठन के मुखिया वीएम सिंह ने गुरुवार को कहा कि यूपी में गन्ना मूल्य 450 रुपये प्रति क्विंटल होना चाहिए। केंद्र सरकार ने जो भाव घोषित किया है, वह यूपी, उत्तराखंड और पंजाब में लागू नहीं होता है।
उन्होंने कहा कि पेराई सत्र शुरू होने से पहले यूपी की सरकार गन्ना मूल्य घोषित करेगी। इसके लिए 16 अगस्त को यूपी की सभी तहसीलों से किसान मुख्यमंत्री योगी आदित्यनाथ को पत्र लिखेंगे। इसमें 450 रुपये प्रति क्विंटल गन्ना मूल्य की मांग को बुलंद किया जाएगा।
प्रधानमंत्री नरेंद्र मोदी की अध्यक्षता वाली कमेटी ने गन्ने का उचित एवं लाभकारी मूल्य (एफआरपी) तय किया है। इसमें 15 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी की गई। अब केंद्र सरकार की ओर से 305 रुपये प्रति क्विंटल का भाव तय किया है। यूपी में अभी 350 रुपये प्रति क्विंटल का भाव मिल रहा है।
इसका उल्लेख करते हुए वीएम सिंह ने कहा कि एफआरपी का मूल्य यूपी, पंजाब, उत्तराखंड में लागू नहीं होगा। यहां की सरकारें समर्थन मूल्य खुद तय करेंगी। किसान 100 रुपये प्रति क्विंटल की बढ़ोत्तरी चाहते हैं और इसके लिए किसान अपनी आवाज उठाना जानते हैं।