चौंसरा रोड पर रेलवे क्रासिंग के पास पिछले एक पखवाड़े से बारिश का पानी भरा हुआ है। जिससे लोगों को आवागमन में खासी दिक्कत हो रही है। आक्रोशित लोगों ने शनिवार को पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को जिम्मेदार ठहराते हुए उनके विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की।
रेलवे क्रासिंग के पास चौंसरा रोड कुछ नीचे स्थान पर बना हुआ है। जिसके चलते जरा सी बारिश होते ही वहां पर जलभराव हो जाता है। निकास न होने के कारण यह पानी कई दिनों तक भरा रहता है। पिछले एक पखवाड़े में कई बार बारिश होने से यहां पर काफी जलभराव हो गया है, जिससे इधर से आने जाने वालों को काफी दिक्कत हो रही है। लोगों का मानना है कि यदि पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता इस सड़क को ऊंचा करा दें, तो जलभराव की समस्या का स्थाई समाधान हो सकता है। लोगों ने जलभराव के लिए पीडब्ल्यूडी के अधिशासी अभियंता को जिम्मेदार ठहराते हुए शनिवार को उनके विरोध में प्रदर्शन और नारेबाजी की। प्रदर्शनकारियों में अधिशासी अभियंता के प्रति रोष दिख रहा था। आधा घंटे बाद लोगों ने प्रदर्शन स्वयं खत्म कर दिया। प्रदर्शन करने वालों में गुड्डू, अमर सिंह, सर्वेश कुमार, अमर पाल, मुनेंद्र कुमार, पुरुषोत्तम, शिवम, हंसराज, राजेश शुक्ला, शेरसिंह, महेंद्र सिंह, अमित कुमार, विपिन कुमार और नितिन वर्मा समेत तमाम लोग शामिल थे।