कुरैय्या विद्युत सब स्टेशन पर उपखंड अधिकारी को ज्ञापन देते लोग- उपभोक्ता
पूरनपुर। गन्ने के खेत की सिंचाई कर रहे गांव महुआ गुंदे के विकास शुक्ला की करंट से मौत के मामले में कुर्रैया उपकेंद्र पहुंचे उपखंड अधिकारी को एकत्र हुए लोगों ने खरी खोटी सुनाई। विकास के परिजन को पांच लाख का मुआवजा दिलाने, टूटी बिजली लाइन के तारों को बदलवाने की मांग की। उपखंड अधिकारी ने शीघ्र जांच करने और इसके बाद मुआवजा दिलाने को पत्रावली अफसरों को भेजने का आश्वासन दिया।
घटना शुक्रवार को कुर्रैया क्षेत्र में एक धार्मिकस्थल के समीप घटना हुई थी। गांव महुआ गुंदे के विकास शुक्ला धार्मिक स्थल के समीप गन्ना के खेत की सिंचाई कर रहे थे। हाईटेंशन लाइन का तार टूटकर उनके ऊपर गिरने से विकास की मौत हो गई थी। घटना के बाद आक्रोशित लोगोंं का कहना था कि सूचना के बाद चार घंटे तक बिजली आपूर्ति बंद नहीं की गई। मुहर्रम को लेकर कर्मचारियों की व्यस्तता बताकर पल्ला झाड़ लिया गया। अगर समय रहते बिजली आपूर्ति बंद कर दी जाती, तब विकास की जान बचाई जा सकती थी। उपखंड अधिकारी सर्वेश सिंह ने बताया कि इलेक्ट्रिक इंस्पेक्टर एक-दो दिन में जांच के लिए पहुंचेगे। विकास के परिजन को मुआवजा दिलाने को फाइल तैयार कराई जा रही है। संवाद