आग से जली गन्ना की फसल स्रोत: ग्रामीण
पूरनपुर। बिजली तारों की स्पार्किंग से निकली चिंगारी से गांव अमरैयाकलां के किसान बिरसा सिंह के गन्ना के खेत में आग लग गई। आग से करीब ढ़ाई बीघा गन्ना जल गया।
गांव अमरैयाकलां क्षेत्र में माधोटांडा उपकेंद्र से बिजली आपूर्ति की जाती है। गांव के बिरसा सिंह के खेत के ऊपर से निकली बिजली के तारों में स्पार्किंग से सोमवार को दिन में करीब तीन बजे गन्ना की फसल में आग लग गई। खेत में आग लगी देख कई किसान मौके पर पहुंचे। माधोटांडा उपकेंद्र सूचना देकर किसानों ने बिजली आपूर्ति को बंद कराया। इस बीच करीब ढ़ाई बीघा गन्ना की फसल जल गई। किसान का आरोप है कि ढीले तारों की सूचना देकर कई बार विभागीय अफसरों से ऊंचा कराने की मांग की गई। उसकी शिकायत पर कोई ध्यान नहीं दिया गया। शिकायत पर विभागीय अफसर ध्यान दे देते, तो उसका नुकसान नहीं होता। खेतों के ऊपर से निकली बिजली लाइन के तारों के ढीला होने और अक्सर स्पार्किंग होने को लेकर किसानों में रोष है। संवाद