फ्री ई-पेपर
पर्सनलाइज़्ड फ़ीड
पर्सनलाइज़्ड नोटिफ़िकेशन
चलते-फिरते ख़बरें
लॉयल्टी रिवॉर्ड्स
विज्ञापन

Pilibhit News: घरों में हो रही दूषित पानी की आपूर्ति

Tue, 06 Jan 2026 11:37 PM IST
बरेली ब्यूरो संवाद न्यूज एजेंसी, पीलीभीत
विज्ञापन
विज्ञापन
पीलीभीत। नगरपालिका के जलकल विभाग के सिर्फ कागजों पर पानी की स्वच्छ धार बह रही है। हकीकत यह है कि ओवरहेड टैंक की नियमित सफाई नहीं होती है। पानी में क्लोरीन मिलाने का इंतजाम भी दुरुस्त नहीं है। जगह-जगह लीकेज से पहुंचते गंदे और दूषित पानी की जांच के इंतजाम भी कागजी हैं। करीब चार माह पूर्व नगरपालिका ने पानी का सैंपल जल निगम को भेजा था। इसके बाद कब जांच हुई, इस बारे में कोई भी स्पष्ट नहीं बता पा रहा है। शहर के काला मंदिर, नखासा और आवास विकास सहित कई मोहल्लों में नगरपालिका की पाइपलाइन से पहुंचने वाले पानी में गंदगी और पीलापन देखा जा सकता है।
विज्ञापन


शहर में मोहल्लों में 18 पंप से पेयजल की आपूर्ति की जाती है। इन पंपों से सीधी आपूर्ति के साथ ही शहर में अलग-अलग स्थानों पर बने आठ ओवरहेड टैंक में पानी पहुंचता है। यहां से वार्ड वार आपूर्ति की व्यवस्था है। मध्य प्रदेश के इंदौर में दूषित पानी की आपूर्ति से हुई घटना के बाद भी नगरपालिका के जिम्मेदारों ने सबक नहीं लिया। शहर में हाे रही पेयजल आपूर्ति की व्यवस्था की जांच तक नहीं की। हाल यह है कि कई मोहल्लों में गंदा और पीला पानी पहुंच रहा है। कई स्थानों पर पानी का टीडीएस भी बढ़ा है। क्लोरीन की मात्रा कम होने से पानी में गंंदगी पहुंच रही है।

एक साल से साफ नहीं हुए ओवरहेड टैंक
नगरपालिका के वाटर वर्क्स, कार्यालय परिसर, आवास विकास, नकटादाना, मीना बाजार आदि आठ स्थानों पर ओवरहेड टैंक बने हैं। बताया जा रहा है कि इनमें से कई ओवरहेड टैंक की एक वर्ष से अधिक समय से सफाई ही नहीं कराई गई, जबकि प्रति तीन माह पर इनकी सफाई का नियम है। परिसर में भी गंदगी का अंबार लगा रहता है।
विज्ञापन

अब भेजा गया इलेक्ट्रिक डोजर का प्रस्ताव
आपूर्ति होने वाले पानी में डोजर के जरिए क्लोरीन मिलाया जाता है। इसकी मात्रा बूंदों के हिसाब से तय होती है। बताया जा रहा है कि करीब एक लीटर पानी में एक बूंद क्लोरीन डाली जाती है। यह व्यवस्था सभी पंपों पर होती है। इलेक्ट्रिक डोजर होने से क्लोरीन खुद ही पानी में मिक्स होता रहता है। नगरपालिका के जलकल विभाग की ओर से इसी सप्ताह शहर के 17 नलकूपों में से 15 पर इलेक्ट्रिक डोजर लगाने का प्रस्ताव भेजा है। हालांकि जलकल विभाग उचित मात्रा में क्लाेरीन मिलाने का दावा कर रहा है। डोजर लगे होने की बात भी कही जा रही है। सवाल यह है कि जब डोजर लगा है ताे प्रस्ताव क्यों भेजा गया।
यह है नियम
- प्रत्येक तीन माह पर ओवरहेड टैंकों की सफाई हो।
- पानी की नियमित जांच की जाए। पानी में कम से कम 2.2 आर्थो टोलाडीन होना चाहिए।
- सभी पंपों पर पानी में क्लोरीन मिलाने की व्यवस्था हो।
- पाइपलाइन की सफाई की व्यवस्था भी हो, जिससे लीकेज आदि का पता चलता रहे।
आंकड़ों में नगरपालिका की पेयजल आपूर्ति
27 वार्ड हैं नगरपालिका पीलीभीत में।
2.50 लाख से अधिक आबादी है शहर की।
19,625 उपभोक्ता हैं पेयजल के।
17 पंपों से होती है पेयजल की आपूर्ति
08 ओवरहेड टैंक बने हैं शहर में।
नगर पालिका की ओर क्लोरीन युक्त पानी के लिए इलेक्ट्रिक ड्रोजर का प्रस्ताव भेजा है। इन दिनों वाॅटर लाइन को स्थानांतरित किया जा रहा है। इस वजह से कुछ जगह गंदा पानी पहुंच रहा है। - संजीव कुमार, अधिशासी अधिकारी, नगर पालिका परिषद।
मोहल्ले में कभी पीला तो कभी सुबह के समय आपूर्ति में गंदा पानी आता है। पानी पीने योग्य नहीं रहता है। - राधा
पानी में कई बार कूड़ा आता है, फेंक कर फिर भरना पड़ता है। पानी में बदबू रहती है। पीने के लिए टंकी मंगवाते हैं। - हरप्रसाद
दूषित पानी बिगाड़ सकता है लीवर की सेहत
मेडिकल कॉलेज के उप प्राचार्य डॉ. अरूण कुमार ने बताया कि शुद्ध पानी का टीडीएस 150- 500 तक होता है। इसमें बीमारियां नहीं होती हैं। वहीं पीएच मान भी 6.5-8.5 तक ठीक होता है। उन्होंने बताया कि दूषित पानी पीने से लीवर में समस्या हो सकती है। पथरी, पीलिया व अन्य बीमारियां हो सकती हैं। प्रयास करें कि पीने योग्य पानी का ही सेवन किया जाए। इससे सेहत सुरक्षित रहेगी।
विज्ञापन
विज्ञापन
Next
AU ऐप में पढ़ें