पीलीभीत। जिले में धान खरीद प्रक्रिया के दौरान अब कहीं जाकर विभागीय गड़बड़ियां उजागर हो रहीं हैं। बुधवार को एआर को- ऑपरेटिव की ऑनलाइन उपस्थिति जांच के दौरान 16 सोसाइटी सचिव केंद्र से नदारद पाए गए। इन पर सख्त कार्रवाई करते हुए एआर कोऑपरेटिव ने सभी का वेतन रोका है। अग्रिम आदेश तक यह कार्रवाई की गई है।
जिले में धान खरीद केंद्रों से कई बार सचिव के नदारद रहने की शिकायत आई। इसको गंभीरता से लेते हुए बुधवार को सहायक आयुक्त सहकारिता डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने ऑनलाइन उपस्थिति जांची। 10.03 बजे तक की समीक्षा में ई-पॉप मशीन पर 16 सहकारिता समितियों के सचिवों की अनुपस्थिति दर्ज हुई। इसमें बी पैक्स रमनगरा, बी पैक्स पकड़िया मंगली समिति, बी पैक्स परेवा किशनी समिति, बी पैक्स बिलसंडा एट ईशापुर, बी पैक्स गजरौला कला सहित अन्य शामिल रहे। धान खरीद में केंद्र सचिवोंं की लापरवाही मानते हुए एआर कॉपरेटिव डॉ. प्रदीप कुमार सिंह ने सभी का वेतन रोक दिया। आदेश में अग्रिम कार्रवाई तक वेतन रोकने के आदेश दिए। 16 सोसाइटी के सचिवों पर कार्यवाही के चलते विभाग में खलबली मची रही।