पीलीभीत। नगर पालिका के सफाई निरीक्षक की ओर से शहर के चार वार्डों में सफाई व्यवस्था का जायजा लेने के दौरान 14 सफाई कर्मी गैर हाजिर मिले। इस पर उन्होंने 14 कर्मियों का एक दिन का वेतन काटने के साथ चारों वार्डों के सफाई नायकों को नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।
बृहस्पतिवार को ईओ संजीव कुमार के निर्देश पर शहर में नगर पालिका के सफाई निरीक्षक साबिर अली और उनकी टीम ने शहर के चार वार्डों में सफाई व्यवस्था का जायजा लिया। यहां वार्ड छह सुनगढ़ी में उन्हें छह सफाई कर्मी गैर हाजिर मिले। साथ ही शहर के वार्ड 10- नई बस्ती से तीन, वार्ड 2- बागगुलशेरखां से दो व वार्ड -11 पंजाबियान से तीन सफाई कर्मी गैर हाजिर मिले। कड़ी नाराजगी जाहिर करते सफाई निरीक्षक साबिर अली ने सभी 14 गैर हाजिर कर्मियों का एक दिवस का वेतन काटा है। चारों वार्डों के सफाई नायकों की लापरवाही उजागर होने पर उनको नोटिस जारी कर जवाब मांगा है।