गजरौला। नचनी विद्युत उपकेंद्र से जुड़े करीब 30 गांवों में लगातार हो रही बिजली कटौती से ग्रामीणों की परेशानी बढ़ गई है। अघोषित कटौती से लोगों में नाराजगी बढ़ती जा रही है।
ग्रामीणों के अनुसार महीने में कई बार घंटों तक बिजली गुल रहती है। हाल ही में दो दिनों तक लगातार बिजली न आने से लोगों को काफी दिक्कतों का सामना करना पड़ा। बुधवार सुबह करीब चार बजे से बिजली आपूर्ति ठप हो गई जो देर शाम तक बहाल नहीं हो सकी। बिजली न होने से बच्चों की पढ़ाई प्रभावित हो रही है। घरेलू कार्यों के साथ छोटे दुकानदारों और कारीगरों का काम भी ठप है। गर्मी और अंधेरे के कारण लोगों की दिनचर्या अस्त-व्यस्त हो गई है।
जेई मनीष प्रजापति ने बताया कि बड़ी लाइन में फॉल्ट आने के कारण समस्या उत्पन्न हुई है जिसे ठीक कराया जा रहा है और जल्द ही बिजली आपूर्ति सामान्य कर दी जाएगी। संवाद