माधोटांडा-पीलीभीत मार्ग पर जमुनिया गांव के पास बाढ़ में क्षतिग्रस्त पुलिया। स्रोत राहगीर
पीलीभीत। जुलाई 2024 में आई बाढ़ से क्षतिग्रस्त हुई पीलीभीत–माधोटांडा और कलीनगर मार्ग की पुलियों के निर्माण को शासन से प्रशासनिक एवं वित्तीय स्वीकृति मिल गई है। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद के प्रयासों से इनके निर्माण के लिए 6.78 करोड़ रुपये मंजूर हुए हैं।
करीब डेढ़ साल से माधोटांडा पीलीभीत मार्ग पर क्षतिग्रस्त पुलियों के कारण आवागमन प्रभावित है। खासकर बरसात के दिनों में स्थिति अत्यधिक खराब हो जाती थी। इससे ग्रामीणों, किसानों, व्यापारियों और आपातकालीन सेवाओं को भारी दिक्कतों का सामना करना पड़ता था। केंद्रीय राज्यमंत्री जितिन प्रसाद ने इन समस्याओं के समाधान के लिए सक्रियता से प्रयास किया। उनके प्रयासों से पीलीभीत-माधोटांडा व शाहगढ़ मार्ग पर 22, 23, 24, 25 और 39 किलोमीटर पर नई आरसीसी कल्वर्ट, पहुंच मार्ग और सुरक्षात्मक कार्यों की स्वीकृति मिली है। नए निर्माण से इस मार्ग पर आवागमन सुगम होगा। केंद्रीय राज्यमंत्री ने इस परियोजना की स्वीकृति के लिए मुख्यमंत्री का आभार जताते हुए कहा कि जिले के विकास कार्यों को प्राथमिकता के साथ आगे बढ़ाया जाएगा और सड़क अवसंरचना मजबूत करने के प्रयास लगातार जारी रहेंगे।