न्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में विद्यार्थियों से संवाद करते विधायक- महाविद्यालय
पूरनपुर। गन्ना कृषक स्नातकोत्तर महाविद्यालय में छात्र-छात्राओं और विधायक में हुए संवाद कार्यक्रम में छात्र-छात्राओं ने महाविद्यालय को अनुदान की सूची में शामिल कराने, हाईवे से महाविद्यालय तक सड़क का निर्माण कराने की मांग की। विधायक ने समस्याओं का शीघ्र समाधान कराने का आश्वासन दिया।
रविवार को महाविद्यालय में संवाद कार्यक्रम में विद्यार्थियों और विधायक के संवाद में छात्रा पूनम वाजपेई ने हाईवे से महाविद्यालय तक सड़क निर्माण की ओर ध्यान आकर्षित कराते हुए कहा कि सड़क निर्माण कराने का उन्होंने आश्वासन पूर्व में दिया था लेकिन अब तक सड़क निर्माण नहीं हो सका। विधायक बाबूराम पासवान ने शीघ्र ही सड़क का निर्माण कराने का आश्वासन दिया। दूसरी छात्रा पूनम देवी ने महाविद्यालय को सरकारी अनुदान की सूची में शामिल कराने, मुख्यमंत्री के महाविद्यालय परिसर में आने की जानकारी ली। विधायक का कहना था कि मुख्यमंत्री से महाविद्यालय को अनुदान की सूची में शामिल कराने को लेकर वार्ता हुई थी। शीघ्र ही लंबित पत्रावली का निस्तारण कराकर महाविद्यालय को अनुदान की सूची में शामिल कराया जाएगा।
मुख्यमंत्री के जिले में आगमन पर उनको महाविद्यालय में भी लाने की कोशिश की जाएगी। छात्रा खुशबू देवी ने विधायक की ओर से महाविद्यालय में कराए गए कार्यों पर आभार व्यक्त किया। प्राचार्य डॉ. सुधीर कुमार शर्मा ने कहा कि महाविद्यालय को आगे बढ़ाने के लिए विधायक लंबे समय से प्रयासरत हैं। इसको लेकर वे कई बार मुख्यमंत्री से भी मिले हैं। संवाद के दौरान डॉ. अरविंद दीक्षित, डॉ. अर्निका दीक्षित, डॉॅ रंजना सिंह, शाहिद खान, डॉ. अंशिका शर्मा, अनूप शुक्ला, डॉ. विनोद सिंह आदि थे।