पीलीभीत। जिला पंचायत के 95 कार्यों के टेंडर में गड़बड़ी की शिकायत अब गन्ना राज्यमंत्री से की गई है। इसमें नियमों की अनदेखी कर मनमाने तरीके से निविदा खोलने का आरोप लगा है। ठेकेदारों ने जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी पर भी गंभीर आरोप लगाए हैं। उधर, डीएम की ओर से गठित समिति की जांच भी अंतिम दौर में है।
जिला पंचायत की टेंडर प्रक्रिया से जुड़े विवाद थमने का नाम नहीं ले रहे हैं। निविदा प्रक्रिया में की गई अनियमितता का मामला जोर पकड़ रहा है। अधूरे दस्तावेज और अवकाश के दिन निविदा खोलने की शिकायत के बाद अब वित्तीय और तकनीकी निविदा एक ही दिन खोले जाने की शिकायत गन्ना राज्यमंत्री संजय गंगवार से हुई है। जिला पंचायत के पंजीकृत ठेकेदार सत्यप्रकाश, भूरेखां, सुगरा, हरीशचंद्र, राजबाबू, सरला देवी, एसडी गंगवार आदि ने शिकायती पत्र देकर बताया कि 25 नवंबर की दोपहर दो बजे के बाद तकनीकी और वित्तीय दोनों निविदा खोल दी गईं। यह निविदा सहायक अभियंता मिठाईलाल की ओर से अपलोड की गईं, जबकि वह इस दिन अवकाश पर थे। इससे पता चलता है कि सहायक अभियंता के डोंगल का विधि विरुद्ध प्रयोग किया गया है।
नियम की अनदेखी, एक ही दिन खोल दीं दोनों निविदा
ठेकेदारों ने बताया कि तकनीकी और वित्तीय निविदा एक ही दिन नहीं खोली जा सकतीं लेकिन नियमों की अनदेखी कर निविदा खोल दी गंई। ठेकेदारों ने बताया कि जिला पंचायत के अपर मुख्य अधिकारी का कहना है कि दोनों निविदा के बीच 24 या 48 घंटे का समय देने संबंधी कोई शासनादेश उनके पास नहीं हैं। ठेकेदारों ने मांग की कि अगर एएमए के पास एक ही दिन दोनों निविदा खोलने का शासनादेश है तो उसकी प्रति उपलब्ध कराएं।
सीडीओ की अध्यक्षता वाली समिति कर रही जांच
जिला पंचायत की टेंडर प्रक्रिया पर लगे आरोपों की जांच के लिए डीएम की ओर से समिति गठित गई है। सीडीओ की अध्यक्षता वाली समिति इसकी जांच कर रही है। जांच अंतिम दौर में है। एक– दो दिन में इसकी रिपोर्ट आनी है।
सदस्य के सगे-संबंधी की फर्म की हो चुकी शिकायत
नियमों की अनदेखी कर वार्ड-सात के जिला पंचायत सदस्य के सगे-संबंधी की ओर से निर्माण कार्यों का ठेका लेने की शिकायत भी हो चुकी है। पावर ऑफ अटार्नी के नाम पर हो रहे इस खेल पर भी जिला पंचायत के जिम्मेदार मौन हैं। मुजीब अहमद, मुकेश सोलंकी, महेंद्र कुमार, पवन दीप आदि पंजीकृत ठेकेदारों ने अपर मुख्य अधिकारी से की शिकायत में बताया कि मेसर्स राकेश कुमार कांट्रैक्टर के नाम से निर्माण कार्य के लिए पंजीकृत फर्म है। राकेश कुमार ने इसकी पॉवर ऑफ अटार्नी देवेंद्र कुमार को दी है। देवेंद्र कुमार वार्ड- सात की जिला पंचायत सदस्य उषा देवी के सगे देवर और राकेश कुमार दामाद हैं।
जिला पंचायत के टेंडर से जुड़ी शिकायतों की जांच की जा रही है। दस्तावेज मंगाए गए हैं। जल्द ही जांच पूरी कर ली जाएगी। – आरके श्रीवास, सीडीओ