जहानाबाद मेंं प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस। संवाद
जहानाबाद। कोतवाली क्षेत्र के ग्राम परेवा वैश्य में गांव से लगभग 500 मीटर दूर एक तालाब के पास प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने से शनिवार को खलबली मच गई। सूचना मिलने पर पहुंचे गो रक्षा हिंदू दल के कार्यकर्ताओं ने हंगामा किया। मामले की संवेदनशीलता को देखते हुए सीओ सदर नताशा गोयल फोर्स के साथ मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम और पशु चिकित्सकों ने जांच कर सैंपल लिए। अधिकारियों ने जल्द खुलासे के लिए टीमें गठित की हैं।
गांव के निकट स्थित तालाब में प्रतिबंधित पशु के अवशेष पड़े होने की सूचना ग्रामीणों ने गो रक्षा हिंदू दल को दी। इस पर संगठन के तहसील उपाध्यक्ष हेमंत मौर्या, जिला मंत्री जितेंद्र मौर्य, सुधांशु पाठक, मनीष मौर्य, फूलचंद, दिनेश वर्मा, मनोज और अन्य कार्यकर्ता मौके पर पहुंचे। घटना को लेकर कार्यकर्ताओं और ग्रामीणों में रोष है। लोगों की भीड़ मौके पर जुटने लगी। कार्यकर्ताओं ने मामले की जानकारी डायल 112 और थाना जहानाबाद को दी। सूचना पर प्रभारी निरीक्षक प्रदीप विश्नोई पुलिस बल के साथ पहुंचे, जबकि थोड़ी देर बाद सीओ सदर आईपीएस नताशा गोयल भी मौके पर पहुंचीं। फॉरेंसिक टीम और पशु चिकित्सकों की टीम को बुलाकर जांच कराई और सैंपल सौंपे।
जबकि बाकी अवशेषों को गड्ढा खोदकर दबा दिया गया। घटना को लेकर करीब दो घंटे तक मौके पर अफरातफरी का माहौल रहा।
इधर, गो रक्षा हिंदू दल के कार्यकर्ताओं ने चेतावनी दी कि यदि जल्द खुलासा नहीं हुआ, तो वे आंदोलन करेंगे।
जहानाबाद मेंं प्रतिबंधित पशु के अवशेष मिलने की सूचना पर पहुंची पुलिस। संवाद