बीसलपुर के मोहल्ला संत नगर में विरोध जताते मोहल्ले वासी । संवाद
बीसलपुर। मोहल्ला संतनगर के कुछ लोगों ने टूटी पुलिया की मरम्मत न कराए जाने पर बृहस्पतिवार को जिला नगरीय विकास अभिकरण (डूडा) के अधिकारियों के प्रति विरोध जताया।
विरोध जताने वालों का कहना था कि डूडा के अधिकारियों की ओर से बनवाई गई पुलिया निर्धारित समय से पहले ही टूट गई है। इससे उधर का आवागमन प्रभावित हो रहा है और उधर से गुजरने वालों को काफी दिक्कत हो रही है।
लोगों का कहना था कि डूडा के अधिकारियों से कई बार टूटी पुलिया की मरम्मत कराने के लिए कहा गया, लेकिन सुनवाई नहीं हुई। मोहल्ले वालों का आरोप है कि डूडा के अधिकारी जानबूझकर इस टूटी पुलिया की मरम्मत नहीं करा रहे हैं, जिससे समस्या बरकरार है।
मोहल्ले वालों ने चेतावनी दी है कि यदि एक सप्ताह के भीतर डूडा के अधिकारियों ने पुलिया की मरम्मत नहीं कराई, तो वे लोग पुलिया के पास ही अनिश्चितकालीन धरना शुरू कर देंगे। इस मौके पर योगेश्वर दयाल गंगवार, बनवारीलाल, प्रमोद कुमार, कुलदीप कुमार, जीत सिंह, शिवकुमार, रामस्वरूप आदि मौजूद रहे।