प्रदेश सरकार की प्राथमिकता में शामिल समाजवादी पेंशन योजना के क्रियान्वयन के लिए डीएम के निर्देश पर पिछड़ा वर्ग छात्रावास के अधीक्षक सरवन सिंह राना और बीसलपुर के एडीओ समाज कल्याण भगवतसरन वर्मा को मुख्यालय से संबद्ध कर दायित्व सौंपा गया था। इसके बाद भी समाजवादी पेंशन योजना के तमाम लाभार्थियों को समय से धनराशि नहीं मिली। अब तक गलत खातों को ठीक कराने का काम चल रहा है।
इस पर सीडीओ ने संबद्ध किए गए दोनों अधिकारियों की लापरवाही मानते हुए संबद्धता खत्म कर उन्हें उनके मूल पदों पर वापस भेजने के आदेश दिए हैं। दोनों अधिकारियों की संबद्धता खत्म करने के साथ ही इसके कार्य के लिए कनिष्ठ लिपिक आनंद अग्रवाल को नगर क्षेत्र, लेखाकर रोहिताश सिंह को पूरनपुर प्रमोद जोशी को अमरिया व मरौरी एवं संजय कुमार तोमर को बरेखड़ा, बिलसंडा, बीसलपुर और ललौरीखेड़ा ब्लाक की जिम्मेदारी सौंपी गई है।