शहर के डिग्री कॉलेज चौराहे पर जाम में फंसे वाहन व एंबुलेंस। संवाद
पीलीभीत। राज्यपाल के आगमन को लेकर लागू किए गए रूट डायवर्जन में भी असमंजस की स्थिति बनी रही। ऐसे में जाम की स्थिति भी बनी। रूट डायवर्जन और वैकल्पिक मार्गों की जानकारी न होने से अधिकांश वाहन चालकों को भटकना पड़ा। सबसे अधिक समस्या बाइफरकेशन के फंसे वाहन चालकों और राहगीरों को हुई।
दो दिवसीय दौरे पर राज्यपाल आनंदी बेन पटेल बुधवार को पीलीभीत पहुंचीं। इसको लेकर यातायात पुलिस की ओर से भी एक दिन पूर्व ही यातायात व्यवस्था का खाका तैयार कर लिया गया था। रूट डायवर्जन के हिसाब से चौराहों पर पुलिस फोर्स के साथ ही होमगार्ड के जवान भी लगाए गए, लेकिन यह तैयारी कुछ खास काम नहीं आई।
राज्यपाल का काफिला जिला कारागार पहुंचते ही शहर टनकपुर हाईवे स्थित बनकटी चौकी के पास विकास भवन की ओर जाने वाले मार्ग पर बैरिकेडिंग कर दी गई। इससे लोगों को दिक्कतें हुई। कलक्ट्रेट में बैठक के दौरान पहले मार्ग को संचालित कर दिया गया। सूचना मिलते ही दोबारा से यहां मार्ग को बंद कराया गया। इससे भी लोग परेशान हुए। दोपहर 12:30 बजे माधोटांडा क्षेत्र में बाइफरकेशन के पास वाहनों की आवाजाही रोक दी गई। बलिदानी हवलदार के घर से वापस लौट रहे अल्पसंख्यक आयोग के सदस्य परमिंदर सिंह भी फंस गए। कई अन्य वाहन और राहगीर चालक पुलिस से जानकारी करते रहे। ड्यूटी पर तैनात एसएसआई ने कोई संतोषजनक जवाब नहीं दिया।