पीलीभीत। कलक्ट्रेट के गांधी सभागार में सोमवार को हुई बैठक में डीएम संजय कुमार सिंह ने लोकसेवा आयोग की ओर से 22 दिसंबर को कराई जा रही पीसीएस प्री परीक्षा-2024 के संबंध में जरूरी निर्देश दिए। बैठक में लोक सेवा आयोग प्रयागराज की ओर से नामित समन्वयी पर्यवेक्षक ने आयोग की ओर से जारी निर्देशों की जानकारी दी।
सेक्टर, स्टैटिक मजिस्ट्रेट के अलावा केंद्र व सह केंद्र व्यवस्थापकों को परीक्षा संचालन के बारे में बताया। इसके अलावा पुलिस बल और अन्य व्यवस्थाओं की रूपरेखा तैयार कर परीक्षा को पारदर्शी एवं शांतिपूर्ण तरीके से संपन्न कराने के निर्देश दिए। डीआईओएस डॉ. अचल कुमार मिश्रा ने बताया कि पीसीएस-प्री की परीक्षा 22 दिसंबर को जनपद के छह परीक्षा केंद्रों पर होगी।
दो पाली में इन केंद्रों पर होगी परीक्षा
परीक्षा शहर के ड्रमंड राजकीय इंटर काॅलेज, राजकीय बालिका इंटर काॅलेज, राजकीय पॉलीटेक्निक, उपाधि महाविद्यालय, एसएन इंटर काॅलेज व सनातन धर्म बांके बिहारी राम इंटर कॉलेज में आयोजित की जाएगी। कुल 2400 अभ्यर्थी शामिल होंगे। परीक्षा दो पालियों में संपन्न होगी। प्रथम पाली सुबह 9.30 बजे से 11.30 बजे तक व दूसरी पाली की परीक्षा अपराह्न 2.30 बजे से 4.30 बजे तक आयोजित की जाएगी। परीक्षा सकुशल संपन्न कराने के लिए छह सेक्टर, छह स्टैटिक मजिस्ट्रेट के अलाव छह केंद्र व्यवस्थापक व छह सह केंद्र व्यवस्थापक नियुक्त किए गए हैं।