पूरे अदबो ऐहतराम के साथ मनाया जाएगा उर्स फनाफिल मुरशिद
खानकाहे उस्मानिया कदीरिया के सज्जादानशीन ने प्रेसकांफ्रेंस में दी जानकारी
अल्हाज मुहम्मद उस्मान मियां कदीरी का पांचवा सालाना उर्से पाक (उर्स फनाफिल मुरशिद) का आगाज रविवार हो गया। एक मई को दिन में चादरों का गश्त होगी। बाद नमाजे ईशा हजरते इमामे आलम अबू हनीफा कांफ्रेंस होगी।
खानकाहे उस्मानिया कदीरिया मुत्तसिल दरबार अल्लाहू मियां के सज्जादानशीन मोहम्मद हसन मियां कदीरी ने एक प्रेस कांफ्र्रेस में बताया कि एक मई को सुबह बाद नमाजे फ़ज्र कुरआन ख्वानी व महफिले नातो मनकबत के बाद फनाफिल मुर्शिद हजरत सूफी उस्मान मियां साहब कदीरी से पूरे अदबो ऐहतराम के साथ चादर शरीफ का गश्त निकाला जाएगा। जो खानकाहे उस्मानिया कदीरिया से शुरू होकर हुजूर सरकार अल्लाहू मियां व सरकार ताजुलऔलिया अल्हाज मौलवी सैय्यद अब्दुल कदीर मियां व कुतबे-जमां अल्हाज शाहजी मोहम्मद शेर मियां व सरकार लुतफुल्ला शाह मियां समेत शहर की प्रमुख दरगाहों पर पहुंचेगा। जहां हाजिरी व चादरपोशी की जाएगी। इसमें मुंबई, कानपुर, रामपुर, बरेली व उत्तराखंड आदि से कई मुरीदीन व जायरीन शिरकत करेंगे। बाद नमाजे अस्र खानकाहे उस्मानिया कदीरिया पर ताजुल औलिया सैय्यद अब्दुल कदीर मियां, मौलवी सैय्यद अब्दुल रशीद मियां व सिलसिले के बुजुर्गों का कुलशरीफ होगा। उन्होंने बताया कि बाद नमाजे ईशा हजरते इमामे आजम अबू हनीफा कांफ्रेंस होगी। जिसमें डॉ. मुफ्ती अमानुल्लाह खां राजस्थान, अल्लामा सैय्यद मसरूर राजी शाहबाजी भागलपुर बिहार से तशरीफ ला रहे हैं। इसके अलावा तमाम दरगाहों के सज्जादगान भी शिरकत फरमाएंगे। दो मई को सुबह नौ बजे कुलशरीफ की शुरूआत होगी। बाद नमाजे ईशा महफिल समां का प्रोग्राम होगा। जिसमें शब्बू शादाब कव्वाल बरेली, ताहिर चिश्ती नैनीताल व शकील जमाल कव्वाल एटा तशरीफ ला रहे हैं।