पीलीभीत। जैसे-जैसे शहर के जन आरोग्य मंदिरों में सुविधाएं बढ़ रही हैं। वैसे-वैसे मरीजों की संख्या में भी इजाफा होने लगा है। बृहस्पतिवार को शहर के जन आरोग्य मंदिरों में मरीजों की भीड़ देखी गई। गर्भवती महिलाओं व बच्चों के टीकाकरण भी किए गए। ज्यादातर मरीज बदल रहे मौसम से वायरल बुखार के देखे गए। लैब टैक्नीशियन (एलटी) के अभाव में कई मरीजों की जांचें नहीं हो पाईं।
बृहस्पतिवार को शहर के नखासा आरोग्य मंदिर में चिकित्सक डॉ. अदनान ने 39 मरीजों को परामर्श दिया। यहां मरीजों में वायरल बुखार के साथ खासी-जुकाम, सरदर्द के मरीज देखे गए। मरीजों को दवाएं भी वितरित की गईं। आरोग्य मंदिर सराय खाम में चिकित्सक वचन सिंह ने 43 मरीजों को परामर्श दिया। यहां एएनएम की मौजूदगी में शिशुओं के टीकाकरण किए गए। कुछ बच्चों को मौसम से प्रभावित वायरल बुखार के चलते दवाएं दी गईं। संवाद
अवकाश लेने गए चिकित्सक, कर्मी ने देखे मरीज
आरोग्य मंदिर भूरेखां में बृहस्पतिवार को चिकित्सक अवकाश लेने सीएमओ कार्यालय चले गए। इसके चलते आरोग्य मंदिर में चिकित्सक की उपस्थिति नहीं रही। वहीं, सहायक कर्मी ने मरीजों को परामर्श दिया। मरीजों की जरूरी जांचें भी नही हो पाईं।
-
किटों से हो रहीं जांचें, एलटी का इंतजार
शहर में खुले आरोग्य मंदिरों में अभी लैब टेक्नीशियन का इंतजार है। सभी आरोग्य मंदिरों में जांचों के संसाधन के साथ टेक्नीशियन की कमी से अभी हिमोग्लोबिन, सीबीसी व यूरिन से संबंधित जांचें नही हो पा रहीं हैं।