कलीनगर। घर में किसी बात को लेकर परिजनों से कहासुनी के बाद नाराज होकर युवती जान देने के लिए नहर में कूदने पहुंच गई। नजर पड़ने पर राहगीरों ने युवती को पकड़ लिया और जानकारी पुलिस को दी। मौके पर पहुंची पुलिस युवती को थाने लाई। परिजन के पहुंचने पर पुलिस ने युवती को उनके सुपुर्द कर दिया।
माधोटांडा क्षेत्र के गांव रम्पुरा निवासी एक युवती के पिता शारीरिक रूप से कमजोर हैं। घर की सारी जिम्मेदारी दादी उठाती है। शुक्रवार को किसी बात को लेकर दादी ने युवती को डांट दिया। इससे नाराज हुई युवती दोपहर बाद घर से बाहर निकल गई। डगा कलीनगर मार्ग के निकट पहुंचते ही नहर में कूदने की कोशिश करने लगी।
युवती को देख राहगीर वहां रुक गए। युवती के नहर के नजदीक जाते ही राहगीरों ने उसे पकड़ लिया। इसकी सूचना पहले डायल 112 को दी गई। इसके बाद मौके पर पहुंची थाना पुलिस युवती को थाने ले आई। मामले की जानकारी परिजन को दी गई। देर शाम दादी समेत परिजन थाने पहुंचे। पुलिस ने हिदायत देने के बाद युवती को सौंप दिया। एसओ अचल कुमार ने बताया कि दादी से नाराज होकर युवती नहर में कूदने पहुंची थी। परिजन को समझाकर युवती को सौंप दिया गया।