शहर में संचालित एक पार्किंग में खड़ी कारें संवाद
पीलीभीत। शहर, बीसलपुर और अन्य कस्बोें में पार्किंग कारोबार तेजी से बढ़ा है। खाली प्लॉट की बाउंड्री कराकर लोग कार और अन्य वाहनों को खड़ा कराकर कमाई कर रहे हैं। वाहन स्वामी से कार के लिए प्रतिमाह एक हजार से 1200 रुपये लिए जा रहे हैं। इसमें सुरक्षा मानक और अन्य नियमों की अनदेखी भी हो रही है।
शहर की आबादी में विस्तार के साथ ही कारों की संख्या भी तेजी से बढ़ रही है। घरों में पार्किंग सुविधा न होने से लोग अपने वाहनों को खड़ा करने के लिए भटकते हैं। वहीं इसका फायदा उठाते हुए लोग नियमों को ताख पर रखकर अवैध पार्किंग कारोबार करते हैं। शहर की बात करें तो ऐसे करीब तीन से चार स्थानों पर यह कारोबार खुलेआम किया जा रहा है। लोग अपने खाली पड़ी जमीन को किराए की पार्किंग में बदलकर अतिरिक्त कमाई कर रहे हैं, जबकि इन पार्किंगों में न तो सुरक्षा का उचित इंतजाम होता है। न ही किसी प्रकार की अधिकृत अनुमति ली जाती है। वहीं स्थानीय लोगों का कहना है कि बढ़ती कार संख्या और सुरक्षित स्थान की कमी को देखते हुए लोग मजबूरी में इन अनधिकृत पार्किंग स्थलों का सहारा लेते हैं, लेकिन इनके संचालन में न कोई निगरानी है और न ही व्यवस्थाओं की कोई गारंटी। कार की संख्या और सुरक्षित स्थान की कमी आड़े आती है। नियम के विपरीत किया जा रहा यह कारोबार परेशानी का सबब भी बन सकता है। वाहन क्षतिग्रस्त होने या चोरी होने की स्थिति में जिम्मेदारी तय करना भी मुश्किल भरा है। नगर पालिका और संबंधित विभागों की अनदेखी के चलते अवैध पार्किंग का यह कारोबार दिनोंदिन मजबूत होता जा रहा है। इस मामले में सीओ सिटी दीपक चतुर्वेदी का कहना है कि थाना प्रभारियों को मामले की जानकारी कर आवश्यक कदम उठाने के निर्देश दिए जाएंगे।