प्राथमिक विद्यालय कई दिन से बंद मिलने पर अभिभावकों ने स्कूल पहुंचकर इंचार्ज हेडमास्टर को खरीखोटी सुनाई। अभिभावकों ने मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की बात कही।
क्षेत्र के गांव रघुनाथपुर, सुंदरपुर व सिंभुआ के ग्रामीणों ने सोमवार को ग्राम प्रधान सरबन सिंह से मिलकर प्राथमिक विद्यालय पिछले कई दिनों से बंद होने की जानकारी दी। इस पर प्रधान अभिभावकों के साथ स्कूल पहुंचे और इंचार्ज हेडमास्टर गुलशन कमल पर पिछले कई दिनों से विद्यालय न आने पर खरीखोटी सुनाई और मामले की शिकायत उच्चाधिकारियों से करने की चेतावनी दी।
इंचार्ज हेडमास्टर का कहना था कि स्कूल में बच्चे नहीं पहुंच रहे हैं। जबकि अभिभावकों ने हेडमास्टर पर स्कूल में न आने का आरोप लगाया। प्रधान ने अभिभावकों से बच्चों को अधिक से अधिक संख्या में स्कूल भेजने की बात कही। इस मौके पर बलजिंदर सिंह, जागीर सिंह, दिलबाग सिंह, सुखदेव सिंह आदि मौजूद रहे। इस संबंध में खंड शिक्षा अधिकारी विनोद गंगवार ने बताया कि मामले की जानकारी नहीं है। मामले की जांच कर कार्रवाई की जाएगी।