पीलीभीत के राजकीय मेडिकल कॉलेज से संबद्ध जिला अस्पताल परिसर स्थित सीटी स्कैन रूम में मंगलवार सुबह उस समय अफरा-तफरी मच गई, जब एक पैरामेडिकल छात्र ने छात्रा पर चाकू से हमला कर दिया। छात्रा को बचाने के लिए बीच-बचाव करने पहुंची सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी पर भी आरोपी ने चाकू से वार कर दिया। दोनों घायलों को तत्काल मौके पर उपचार दिया गया। गंभीर घायल छात्रा को बरेली रेफर किया गया, जहां उपचार के दौरान उसकी मौत हो गई। उधर, अस्पताल कर्मचारियों ने आरोपी छात्र को मौके पर ही पकड़कर पुलिस के हवाले कर दिया। पुलिस ने घटना की जांच कर रही है।
सीटी स्कैन रूम में हुई घटना
मंगलवार सुबह जिला अस्पताल परिसर के सीटी स्कैन रूम में पैरामेडिकल छात्र सागर सिंह ने बरेली निवासी छात्रा कशिश पटेल पर अचानक चाकू से हमला कर दिया। हमले से छात्रा के घायल होते ही वहां मौजूद लोगों में चीख-पुकार मच गई। इसी दौरान छात्रा को बचाने के लिए आगे आई सीटी स्कैन विभाग की महिला कर्मचारी निधि ने आरोपी को रोकने का प्रयास किया। इस पर आरोपी ने उन पर भी चाकू से हमला कर दिया, जिससे वह भी घायल हो गईं। घटना से अस्पताल परिसर में हड़कंप मच गया। मरीजों व तीमारदारों में दहशत फैल गई।
यह भी पढ़ें- UP: ईओ ने बहाली के लिए मांगे आठ लाख, बीसलपुर में बर्खास्त कर्मचारी ने दी जान; सुसाइड नोट में लिखी पूरी कहानी
उपचार के दौरान छात्रा की मौत
कड़ी सुरक्षा के बीच गंभीर रूप से घायल छात्रा को हायर सेंटर बरेली रेफर किया गया। इस दौरान मेडिकल कॉलेज प्रशासन और पुलिस ने इमरजेंसी से एंबुलेंस तक घेरा बनाया और फिर छात्रा को ले जाया गया। लोगों को फोटो वीडियो बनाने से भी रोका गया। बरेली के अस्पताल में उपचार के दौरान छात्रा की मौत हो गई।