जिले में पंचायतों के पुनर्गठन के बाद प्रशासन ने परिसीमन
का काम भी पूरा कर लिया है। आपत्तियों के निस्तारण बाद हुए परिसीमन की
रिपोर्ट डीएम ने शासन को भेज दी है। इससे जिले में जिला पंचायत के वार्डों
की संख्या 29 से बढ़कर 34 हो गई है। वहीं क्षेत्र पंचायत के 854 और ग्राम
पंचायत के 8881 वार्ड हो गए हैं।
त्रिस्तरीय पंचायत चुनाव से पूर्व शासन
ने पहले ग्राम पंचायतों का पुनर्गठन कराया था जिसमें गांव की संख्या 599
से बढ़कर 721 हो गई थी। इसके बाद जिला पंचायत, क्षेत्र पंचायत और ग्राम
पंचायत सदस्य के वार्डों का पुनर्निधारण और परिसीमन किया जाना था।
पंचायतीराज विभाग ने जिले की जनसंख्या के आधार पर जिला पंचायत, क्षेत्र
पंचायत और ग्राम पंचायत सदस्यों के वार्डों का आंकलन कर परिसीमन का काम
शुरू किया था। संभावित वार्डों के आंकलन के अनुसार परिसीमन के लिए
आपत्तियां मांगी गई थी। इसमें जिला पंचायत 24 और क्षेत्र पंचायत की पांच
आपत्तियां दर्ज हुई। इन आपत्तियों के निस्तारण के बाद अधिकारियों ने
परिसीमन का कार्य पूरा कर लिया है। डीपीआरओ बीपी सक्सेना ने बताया कि जिला
पंचायत के किस वार्ड में कौन से गांव रहेंगे इसका निर्धारण हो गया है। इसी
पर प्रकार क्षेत्र पंचायत की सीमाओं का भी निर्धारण कर लिया गया है। डीएम
की संस्तुति के साथ रिपोर्ट शासन को भेजी गई है।
पंचायत
वार्डों के पुनर्निर्धारण के बाद अब परिसीमन का कार्य भी पूर्ण कर लिया गया
है। इसकी रिपोर्ट अनुमोदित कर शासन को भेजी जा रही है।
ओएन सिंह, डीएम
पंचायतों की स्थिति
पंचायत वर्तमान प्रस्तावित
जिला पंचायत 29 34
क्षेत्र पंचायत(बीडीसी) 712 854
ग्राम पंचायत(प्रधान) 599 721
ग्राम पंचायत(सदस्य) 7334 8881
योग 8674 10490