पीलीभीत। ग्राम पंचायतों में हुए विकास कार्याें का डाटा एडवांस इंडेक्स पोर्टल पर अपलोड कर दिया गया है। अब गांवों में हुए विकास कार्याें की प्रगति की समीक्षा कर उनकी शासन स्तर से ऑनलाइन रैंकिंग की जाएगी। इसमें ग्राम पंचायत के 116 बिंदुओं की बारीकी से जांच होगी।
शासन स्तर से ग्राम पंचायतों में होने वाले विकास कार्याें में पारदर्शिता लाए जाने के लिए लगातार प्रयास किए जा रहे हैं। इससे ग्राम पंचायत में होने वाले कार्याें का आमजन को लाभ मिल सके। साथ ही शासन स्तर से संचालित योजनाओं का लाभ भी दिया जा सके। ग्राम पंचायत में हुए विकास कार्याें व योजनाओं के लाभार्थियों की जानकारी के लिए शासन स्तर से एडवांस इंडेक्स पोर्टल पर ग्राम पंचायतों का डाटा अपलोड कराए जाने के निर्देश दिए गए हैं।
इस पोर्टल पर ग्राम पंचायतों की पूरी विस्तृत प्रोफाइल को अपलोड किया गया। इसमें सामाजिक स्थिति, आर्थिक स्थिति, विकासात्मक स्थिति, प्रशासनिक स्थिति को देखा जाएगा। इसमें गांव की इसके लिए ग्राम पंचायत सचिव, पंचायत सहायक व रोजगार सेवक को इसकी जिम्मेदारी सौंपी गई। जिले की सभी ग्राम पंचायतों का डाटा इस पोर्टल पर अपलोड कर नोडल अधिकारियों को भेज दिया गया है। इसके बाद यह पोर्टल सार्वजनिक कर दिया जाएगा।
-
इंडेक्स पोर्टल से विकास कार्याें को भी मिलेगी राह
16वें वित्त आयोग की राशि का वितरण अब सीधे तौर पर पीएआई पोर्टल के आंकड़ों पर निर्भर करेगा। जिस पंचायत में विकास की आवश्यकता अधिक होगी और जहां अभाव ज्यादा होगा, उसे प्राथमिकता के आधार पर अधिक राशि आवंटित की जाएगी। इससे संसाधनों का सही वितरण संभव हो सकेगा।
वर्जन:
इंडेक्स पोर्टल पर डाटा जुटाने की प्रक्रिया पूरी हो चुकी है। डाटा को विभागीय पोर्टल पर अपलोड कर नोडल अधिकारियों को भेज दिया गया है।-रोहित भारती, डीपीआरओ।