पीलीभीत। कोरोना संकट काल के बीच पंचायत चुनाव के नामांकन में भीड़ नहीं जुटने दी जाएगी। प्रत्याशी को मास्क लगाने के साथ ही कोविड प्रोटोकॉल का पालन करना होगा। प्रत्याशी के साथ सिर्फ एक प्रस्तावक को ही नामांकन केंद्र पर प्रवेश मिल सकेगा। डीएम ने इसका सख्ती से पालन कराने के निर्देश दिए हैं।
तीसरे चरण में 26 अप्रैल को मतदान होना है। इसके नामांकन 13 से 15 अप्रैल तक होंगे। इसमें जिला पंचायत सदस्यों के नामांकन कलक्ट्रेट कार्यालय में होंगे। जबकि क्षेत्र पंचायत सदस्य, ग्राम प्रधान और ग्राम पंचायत सदस्य के नामांकन संबंधित ब्लॉकों में होंगे। नामांकन प्रक्रिया के लिए बैरीकेडिंग कर दी गई है। नामांकन के दौरान उम्मीदवार के साथ एक प्रस्तावक को प्रवेश दिया जाएगा। नामांकन के दौरान उम्मीदवार और प्रस्तावक को मास्क लगाने के साथ ही कोविड नियमों का पालन करना होगा। नामांकन प्रक्रिया ग्राम प्रधान के 720, ग्राम पंचायत सदस्य के 8881, क्षेत्र पंचायत सदस्य 845, जिला पंचायत सदस्य 34 पदों के लिए कराई जाएगी। जनपद में 904 मतदान केंद्रों पर मतदान होगा। मतदान के लिए 2056 बूथ बनाए गए हैं। इन बूथों पर 12,79,302 मतदाता उम्मीदवारों की किस्मत का फैसला करेंगे।
जनपद में यह है चुनावी प्रक्रिया
दिनांक प्रक्रिया
13 से 15 अप्रैल नामांकन
16 व 17 अप्रैल नामांकन पत्र समीक्षा
18 अप्रैल नाम वापसी और चुनाव चिह्न का आवंटन
26 अप्रैल मतदान
02 मई मतगणना
यह है चुनाव की तैयारियां
चुनाव शांतिपूर्ण कराने के लिए जिला निर्वाचन अधिकारी/जिला अधिकारी तैयारी की खुद निगरानी में जुटे है। मतदान के दिन सार्वजनिक अवकाश घोषित किया जाएगा। इससे सभी मतदाता मतदान कर सके। इसके अलावा शांति व्यवस्था बनाए रखने के लिए मतदान से 48 घंटा पहले शराब की दुकानें बंद करा दी जाएगी। चुनाव के दौरान भारी संख्या में फोर्स तैनात की जाएगी।
बूथों पर इतना तैनात होगा स्टाफ
मतदान प्रक्रिया को पूरा कराने के लिए 2056 बूथों पर 8,224 कर्मचारियों को तैनात किया जाएगा। रिजर्व पोलिंग पार्टियों को तैयार रखा जाएगा। एक बूथ पर चार लोगों की पोलिंग पार्टी भेजी जाएगी। एक पीठासीन अधिकारी, एक मतदान अधिकारी प्रथम, एक मतदान अधिकारी द्वितीय और एक मतदान अधिकारी तृतीय शामिल होगा। कोरोना संक्रमण को लेकर पोलिंग पार्टियों और पुलिस टीम के सदस्यों को किट उपलब्ध कराई जाएगी। किट में मास्क, सैनिटाइजर की व्यवस्था होगी।