पूरनपुर(पीलीभीत)। वाटर बॉक्स परिसर का गेट न खुलने पर महिला का अंतिम संस्कार तीन घंटे तक रुका रहा। शव वाटर बॉक्स गेट पर रखा रहा। नायब तहसीलदार ने चाबी मंगवाकर वाटर बॉक्स का ताला खुलवाया। तब महिला का अंतिम संस्कार हो सका। पुलिस ने वाटर बॉक्स के चौकीदार को हिरासत में ले लिया है।
पूरनपुर देहात में भगवंतापुर रोड पर श्मशान घाट की भूमि है। जमीन के कुछ हिस्से पर वाटर बॉक्स (पानी की टंकी) का निर्माण करवा दिया गया। कुछ लोगों ने विरोध कर एसडीएम को ज्ञापन दिया था। तब ठेकेदार ने श्मशान के लिए कुछ जगह सुरक्षित करने और अलग से गेट लगवाने का आश्वासन दिया था। शुक्रवार को मोहल्ला साहूकारा निवासी स्व. राजेश की पत्नी गीता देवी की मौत पर उनका अंतिम संस्कार करने लोग पहुंचे तो वाटर बॉक्स परिसर में ताला पड़ा था। वह शव गेट पर रखकर उसके खुलने का इंतजार करने लगे। चौकीदार ने गेट खोलने से मना कर दिया। इसकी सूचना एसडीएम को दी गई। नायब तहसीलदार अनुराग सिंह ने पुलिस की मदद से चौकीदार को तलब कर गेट खुलवाया। तीन घंटे इंतजार के बाद गीता देवी का अंतिम संस्कार किया जा सका।