पीलीभीत। बेसिक शिक्षा विभाग कार्यालय में तैनात एक बाबू को बीएसए ने फोन पर ड्यूटी पर न आने पर हड़काना शुरू कर दिया। बीमारी की हालत में दफ्तर पहुंचे बाबू ने कहा कि इस हालत में भी अवकाश नहीं मिलेगा तो जहर खा लूंगा। बाबू की इस धमकी के बाद बीएसए दफ्तर में हड़कंप मच गया। बीएसए ने हालांकि स्टाफ के जरिए मामला रफा दफा कराया। इसके बाद बाबू अपने घर लौट गया।
बीएसए दफ्तर में तैनात एक बाबू बीमारी के वजह से सोमवार को ऑफिस नहीं पहुंचा। इस पर बीएसए ने बाबू को फोन कर ऑफिस बुलाया। बताया जाता है कि बाबू बीमार था, लेकिन बीएसए उसे लगातार ऑफिस बुलाकर काम निपटाना चाहते थे। इस बात को लेकर बाबू और बीएसए के बीच फोन पर ही बहस हो गई। बाबू ने पहले तो बीमारी का हवाला देते हुए ऑफिस आने में असमर्थता जताई, लेकिन जब बीएसए ने उसकी नहीं सुनी और तुरंत ऑफिस आने को कहा तो थोड़ी देर में बाबू कार्यालय पहुंच गया।
सूत्रों के अनुसार उस दौरान भी उसकी बीएसए से काफी नोकझोंक हुई। बाबू ने यहां तक कह दिया कि बीमारी में अवकाश नहीं मिलेगा तो जहर खा लूंगा। इससे स्टाफ में अफरातफरी मच गई। स्टाफ ने बीच बचाव कराया। काफी देर बाद मामला रफा दफा हुआ। इसके बाद बाबू घर चला गया। इस संबंध में बीएसए देवेंद्र स्वरूप से जानकारी की गई तो उन्होंने बताया कि वह अभी दफ्तर के काम में व्यस्त हैं, इस मामले में कुछ नहीं कह सकते।