पीलीभीत। जीपीएफ घोटाले के विरोध में पावर कॉरपोरेशन के अधिकारियों और कर्मचारियों ने मंगलवार को भी कार्य बहिष्कार कर धरने पर रहे। उन्होंने दोषियों को जेल भेजने की मांग की।
विद्युत कर्मचारी संयुक्त संघर्ष समिति के तत्वावधान में कर्मचारी एक दिन पूर्व की भांति अधीक्षण अभियंता कार्यालय परिसर में जमा हुए। इसके बाद कार्य बहिष्कार कर वहीं धरना प्रदर्शन शुरू कर दिया। उन्होंने मांग की कि जीपीएफ के भुगतान का उत्तरदायित्व प्रदेश सरकार ले और इसका गजट नोटिफिकेशन जारी करे। दोषी आईएएस अफसरों को बर्खास्त कर जेल भेजने की मांग की गई। यहां हुई सभा में कहा गया कि इस तरह के घोटाले सामने आने के बाद कर्मचारी अपने परिवार के भविष्य को लेकर बेहद चिंतित है। अधीक्षण अभियंता सैयद अब्बास रिजवी, एक्सईएन असीम निगम, अरविंद कुमार, ज्ञानेंद्र सिंह, एसडीओ विनोद कुमार, अतुल कुमार आदि रहे। एक्सईएन ने बताया कि फिलहाल कार्य बहिष्कार दो दिवसीय था, जिसका मंगलवार को अंतिम दिन है। समिति की ओर से मिले निर्देशों के आधार पर अग्रिम रणनीति तय की जाएगी। इसके अलावा पूरनपुर, बीसलपुर, बरखेड़ा समेत अन्य उपखंडीय कार्यालयों पर भी पावर कॉरपोरेशन के कर्मचारी कार्य बहिष्कार पर रहे। सुरक्षा एवं शांति व्यवस्था के दृष्टिगत पुलिस बल की तैनाती रही।