माधोटांडा(पीलीभीत)। इंडो नेपाल बॉर्डर से सटे इलाके में दहशत का पर्याय बने तेंदुए का आतंक कम होने का नाम नहीं ले रहा है। सोमवार रात जंगल से बाहर निकला तेंदुआ रमनगरा गांव में पहुंच गया। तेंदुए ने दो घरों में घुसकर बछिया और कुत्ते को उठा ले गया। तेंदुए ने पलिया गांव में भी एक कुत्ते को मार डाला।
इधर सोमवार रात तेंदुआ रमनगरा गांव में पहुंच गया। पुलिस चौकी के डेढ़ सौ मीटर की दूरी पर स्थित बलविंदर सिंह के घर में घुसकर आंगन में बंधी बछिया को उठा ले गया। आहट पर उठे परिजनों से शोरशराबा करना शुरू किया, जिसपर तेंदुआ अधखाया शव छोड़कर गन्ने के खेत से होता हुआ आगे निकल गया। करीब दो घंटे बाद तेंदुआ दोबारा गांव में पहुंचा और ग्रामीण राजू प्रसाद के घर में घुसकर पालतू कुत्ते को उठा ले गया। तेंदुए की बढ़ती सक्रियता के चलते ग्रामीणों ने रात जागकर काटी। इधर सूचना के बाद क्षेत्र वनकर्मियों ने मौका मुआयना कर तेंदुए के पगचिह्न ट्रेस किए हैं।
बराही रेंज के अंतर्गत सीमावर्ती इलाके के साथ धुरिया पलिया क्षेत्र में भी तेंदुए का आतंक जारी है। सोमवार रात जंगल से बाहर निकला तेंदुआ धुरिया पलिया गांव की आबादी में पहुंच गया। यहां किसान बाबा सिंह के पालतू कुत्ते को उठा ले गया। मंगलवार सुबह घर के बाहर घसीटने और खून के निशान देखे तो घटना की जानकारी हुई। खेतों में कुत्ते की तलाश की गई, लेकिन कोई सुराग नहीं लग सका।
रमनगरा व धुरिया पलिया क्षेत्र का दौरा कर जानकारी जुटाई गई है। तेंदुए की पुष्टि होने के साथ निगरानी बढ़ा दी गई है। ग्रामीणों को भी सतर्क रहने की अपील की जा रही है। - रामबहादुर, वन दरोगा, बराही रेंज